Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

दिग्विजय स्टेडियम को आधुनिक बनाने की तैयारी, कलेक्टर ने दिए कई अहम निर्देश

गुरुदेव देवांगन, राजनांदगांव : दिग्विजय स्टेडियम को आधुनिक और सर्वसुविधायुक्त खेल परिसर के रूप में विकसित करने की दिशा में अहम फैसले लिए गए हैं। कलेक्टर एवं दिग्विजय स्टेडियम प्रबंधकारिणी समिति के अध्यक्ष जितेन्द्र यादव की अध्यक्षता में सोमवार को स्टेडियम कॉन्फ्रेंस हॉल में समिति की बैठक हुई। इसमें खेल सुविधाओं के विस्तार, अधोसंरचना विकास, आय के नए स्रोत और खिलाड़ियों के लिए बेहतर सुविधाओं को लेकर कई निर्णय लिए गए।

कलेक्टर ने कहा कि दिग्विजय स्टेडियम को केवल खेल आयोजन स्थल तक सीमित न रखते हुए ऐसा परिसर बनाया जाए, जहां अलग-अलग खेलों के खिलाड़ियों को नियमित प्रशिक्षण और बेहतर सुविधाएं मिल सकें। ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को भी प्रशिक्षण शिविरों से जोड़ने पर जोर दिया गया।

वेटलिफ्टिंग और नई खेल सुविधाओं पर जोर

बैठक में वेटलिफ्टिंग सुविधा को आधुनिक बनाने के निर्देश दिए गए। राजनांदगांव के खिलाड़ियों की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों को देखते हुए वेटलिफ्टिंग क्षेत्र को बेहतर स्वरूप देने और आवश्यक राशि उपलब्ध कराने की बात कही गई।

इसके अलावा नए खेलों को जोड़ने और बॉलिंग जैसे खेलों की सुविधा विकसित करने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। स्थानीय प्रशिक्षकों की सेवाएं लेकर नियमित कोचिंग और प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने का सुझाव दिया गया।

रणजी ट्रॉफी मैचों के लिए स्टेडियम तैयार होगा

राज्य क्रिकेट संघ की ओर से अक्टूबर और जनवरी में प्रस्तावित रणजी ट्रॉफी मैचों के आयोजन के प्रस्ताव पर समिति ने सहमति जताई। इसके लिए सितंबर तक मैदान और जरूरी व्यवस्थाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप तैयार करने का निर्णय लिया गया, ताकि BCCI प्रतिनिधिमंडल के निरीक्षण के दौरान आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहें।

स्टेडियम की आय बढ़ाने पर भी फैसला

स्टेडियम की आय बढ़ाने के लिए विज्ञापन और व्यावसायिक गतिविधियों की संभावनाओं का परीक्षण करने के निर्देश दिए गए। हाईवे से जुड़े हिस्सों और प्रमुख स्थानों पर विज्ञापन संरचनाओं से आय अर्जित करने की संभावना तलाशने के साथ दुकानों के किराए की समीक्षा और नियमित वृद्धि की व्यवस्था पर भी चर्चा हुई।

इसके अलावा परिसर के शौचालयों को आधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित करने और नियमित साफ-सफाई एवं रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। 500 केवी जनरेटर की मरम्मत, मैदान के चारों टावरों की लाइट बदलने और पुरानी लाइटों को हॉकी स्टेडियम में उपयोग करने का प्रस्ताव भी मंजूर किया गया।

स्टेडियम की प्रमुख गैलरी में शेड और सोलर पैनल लगाने तथा ड्रेसिंग रूम निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। खिलाड़ियों और आगंतुकों के लिए बेहतर खान-पान की सुविधा विकसित करने पर भी चर्चा हुई।

बैठक में विधायक भोलाराम साहू, विधायक हर्षिता बघेल, महापौर एवं स्टेडियम समिति के उपाध्यक्ष मधुसूदन यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव, नगर निगम आयुक्त जीआर मरकाम, एसडीएम गौतम पाटिल सहित समिति के सदस्य एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Exit mobile version