Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

प्रधानपाठक पर बच्चों के सामने अशोभनीय हरकत का आरोप, पुलिस ने लिया हिरासत में

* डोंगाकोहरौद स्कूल विवाद: वीडियो वायरल, प्रधानपाठक पर ड्यूटी के दौरान बच्चों के सामने अशोभनीय हरकत और अनुचित व्यवहार करने का लगा गंभीर आरोप..
* विद्यालय में कथित अशोभनीय कृत्य से ग्रामीणों में आक्रोश, हरकत में आया प्रशासन, विभागीय जांच शुरू: आरोपी शिक्षक पर सख्त कार्रवाई की मांग…

जांजगीर-चांपा: जिले के पामगढ़ विकासखंड अंतर्गत डोंगाकोहरौद स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय में पदस्थ प्रधानपाठक पर ड्यूटी के दौरान बच्चों के सामने अशोभनीय हरकत और अनुचित व्यवहार करने का गंभीर आरोप लगा है। घटना के बाद विद्यालय में हड़कंप मच गया, जबकि अभिभावकों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

जानकारी के अनुसार, विद्यालय में मौजूद बच्चों ने घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद अभिभावक तत्काल स्कूल पहुंचे, जहां उन्होंने प्रधानपाठक को कथित रूप से आपत्तिजनक अवस्था में देखा। परिजनों ने घटनास्थल का वीडियो भी बनाया और इसकी सूचना डायल-112 तथा पामगढ़ थाना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी प्रधानपाठक को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। पुलिस ने बच्चों और उनके अभिभावकों के बयान दर्ज कर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है तथा मामले की विस्तृत जांच जारी है।

इधर, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद जिला प्रशासन ने भी मामले का संज्ञान लिया है। कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को तत्काल जांच कर विभागीय कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। शिक्षा विभाग ने भी स्वतंत्र जांच शुरू कर दी है।

घटना के बाद गांव में लोगों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों और अभिभावकों ने आरोपी शिक्षक के विरुद्ध कठोर कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि विद्यालय बच्चों के सुरक्षित भविष्य का केंद्र है और ऐसी घटनाएं शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करती हैं।

Exit mobile version