Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

दुतकैय्या में विवाद के बाद स्थिति नियंत्रण में : पुलिस की त्वरित कार्रवाई—ग्रामीणों से शांति व अफवाहों से दूर रहने की अपील 

 

03 आरोपी गिरफ्तार 

गरियाबंद/राजिम । ग्राम दुतकैय्या से जुड़ी हालिया घटनाओं के संबंध में पुलिस विभाग द्वारा विस्तृत जानकारी में बताया गया है, कि वर्ष 2024 में बावेश्वर शिव मंदिर में तोड़फोड़ की घटना के मामले में पूर्व से ही अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा चुकी थी।

राजिम थाने में 3 आरोपी गिरफ्तार

उसी प्रकरण से जुड़े एक आरोपी द्वारा 01 फरवरी 2026 को अपने साथियों के साथ क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर अलग-अलग स्थानों पर मारपीट, धमकी और लूट की घटनायें की गईं, जिन पर थाना राजिम में विभिन्न धाराओं के तहत पृथक-पृथक अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार दोपहर 3 बजे से 3:30 बजे के बीच प्राप्त शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेते हुये अपराध दर्ज किये गये और तीन घंटे के भीतर फरार आरोपियों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।

इधर लगातार ग्रामीणों पर हो रहे हमले से नाराज ग्राम दुतकैय्या के ग्रामीणों में आक्रोश की स्थिति निर्मित हो गई और आरोपी के घर के पास भीड़ एकत्र होने लगी।

सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित करते हुये भीड़ को वहां से हटाया। जान-माल की सुरक्षा के लिये आवश्यक न्यूनतम बल प्रयोग किया गया तथा घायलों को तत्काल उपचार हेतु अस्पताल भेजा गया।

पुलिस के 07 जवान घायल

कार्रवाई के दौरान पुलिस के सात जवान घायल हुये है, जिनमें एक जवान को रायपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजिम में जारी है। घटना में घायल दो ग्रामीणों का भी रायपुर के अस्पतालों में इलाज चल रहा है।

पुलिस के द्वारा वर्तमान में गांव की स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई गई है तथा किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुये अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। थाना प्रभारी राजिम मौके पर मौजूद रहकर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Exit mobile version