धमधा रोड सब्जी मंडी में 600 अल्प्राजोलम टैबलेट जब्त, 25 वर्षीय युवक गिरफ्तार। दुर्ग में नशीली दवाओं पर पुलिस का शिकंजा, 2.40 लाख की अल्प्राजोलम टैबलेट जब्त
दुर्ग। नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ दुर्ग पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। मोहन नगर थाना पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर धमधा रोड स्थित सब्जी मंडी क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक युवक को कथित रूप से नशीली दवाओं के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से 600 नग अल्प्राजोलम टैबलेट और 230 रुपये नगद बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक बरामद टैबलेट की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 40 हजार रुपये है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने सब्जी मंडी क्षेत्र में निगरानी और घेराबंदी की। इस दौरान संदिग्ध गतिविधि में शामिल एक व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली गई, जिसमें अल्प्राजोलम टैबलेट बरामद होने का दावा पुलिस ने किया है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी की पहचान कृष्णा दास मानिकपुरी (25), निवासी कुदरा पारा, ग्रीन चौक, थाना मोहन नगर, जिला दुर्ग के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी इन टैबलेट को अवैध रूप से अपने कब्जे में रखे हुए था और उनकी बिक्री अथवा आपूर्ति किए जाने की आशंका है।
मामले में मोहन नगर थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 616/2026 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8, 22 एवं 27(क) के तहत वैधानिक कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 600 अल्प्राजोलम टैबलेट और 230 रुपये नगद जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार कार्रवाई में पीएसआई भूपेंद्र कुमार, प्रधान आरक्षक लक्ष्मी नारायण पात्रे, आरक्षक जीतेश यादव, परस मांडवी, अमित वर्मा और तुषार सलामे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से नशीली दवाओं के अवैध विक्रय, परिवहन या सेवन से संबंधित जानकारी पुलिस को देने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि ऐसे मामलों में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
