Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

दुर्ग में गांजा तस्करी पर पुलिस की कार्रवाई, नशीले पदार्थ के साथ मोनू विश्वकर्मा गिरफ्तार

शंकर नगर में गांजा बिक्री की सूचना पर पुलिस की कार्रवाई

शंकर नगर में गांजा बिक्री की सूचना पर पुलिस की कार्रवाई, 1.3 किलो गांजा जब्त; युवक गिरफ्तार

दुर्ग। नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ दुर्ग पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। मोहन नगर थाना पुलिस ने शंकर नगर पानी टंकी के पास कथित रूप से गांजा बिक्री किए जाने की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक 20 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से 1 किलो 300 ग्राम गांजा और 700 रुपये नगद बरामद किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक शंकर नगर पानी टंकी के पास एक व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से गांजा बिक्री किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर मोहन नगर थाना पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़कर नियमानुसार तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से गांजा बरामद होने का दावा पुलिस ने किया है।

जांच के दौरान आरोपी की पहचान मोनू विश्वकर्मा (20), निवासी वार्ड क्रमांक 58, ब्लॉक 43, बांबे आवास, उरला, जिला दुर्ग के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार बरामद गांजे का वजन 1 किलो 300 ग्राम है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा गांजा बिक्री से संबंधित 700 रुपये नगद भी जब्त किए गए हैं।

मामले में मोहन नगर थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 617/2026 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) और 27(क) के तहत वैधानिक कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार कार्रवाई में उप निरीक्षक प्रियंका वर्मा, सहायक उप निरीक्षक राजेश पाण्डेय, प्रधान आरक्षक दिनेश सोनी तथा आरक्षक आकाश सिंह और नवीन यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों की अवैध बिक्री, परिवहन या सेवन से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने सूचना देने वाले व्यक्ति की जानकारी नियमानुसार गोपनीय रखने तथा अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करने की बात कही है।

Exit mobile version