फॉरवर्ड डेमोक्रेटिक लेबर पार्टी ने सौंपा ज्ञापन, 7 दिन में कार्रवाई की चेतावनी
राजनांदगांव। पीएम सर्वेश्वर दास उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं की शिकायत पर फॉरवर्ड डेमोक्रेटिक लेबर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शिव शंकर गौर ने विद्यालय का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि विद्यालय के शौचालयों में पानी की व्यवस्था नहीं है, विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप है, दरवाजे नहीं लगे हैं, वॉशबेसिन निष्क्रिय हैं और साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब है।
इस गंभीर लापरवाही को देखते हुए गौर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी नेतराम नवरत्न को ज्ञापन सौंपा, जिसमें 7 दिनों के भीतर जांच कर सुधारात्मक कार्रवाई की मांग की गई है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समयसीमा में उचित कदम नहीं उठाए गए, तो पार्टी इस मुद्दे पर व्यापक आंदोलन करेगी।
इस मामले की जानकारी जिला कलेक्टर, जिला शिक्षा अधिकारी, विद्यालय प्राचार्य, नगर निगम आयुक्त और अनुविभागीय दंडाधिकारी राजनांदगांव को भी दी गई है।