Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

स्वच्छ सर्वेक्षण में छत्तीसगढ़ का परचम, पाटन को मिला भारत में दूसरा स्थान

रायपुर : स्वच्छ सर्वेक्षण में दुबारा छत्तीसगढ़ ने भारत भर में अपना परचम लहराया है। छोटे शहरों की श्रेणी में दुर्ग जिले के पाटन ने ईस्ट जोन में पहला और देश में दूसरा स्थान पाया है । वहीं स्वच्छ शहरों में अंबिकापुर ने अपनी बादशाहत कायम रखी है । एक लाख से अधिक आबादी वाले शहरों में अंबिकापुर राज्य में पहले नंबर और कोरबा दूसरे नंबर पर रहा।

स्वच्छता सर्वेक्षण के इंडियन स्वच्छता लीग (आईएसएल) में छत्तीसगढ़ के आठ शहरों ने बाजी मारी है .इनमें से सात नगरीय निकाय पहले नंबर पर और एक दूसरे स्थान पर रहा है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ की इस उपलब्धि पर सभी नागरिकों को बधाई देते हुये कहा है कि सभी नागरिकों की स्वच्छता के प्रति जागरूकता से राज्य के इतने शहरों को पुरस्कार मिला है। स्वच्छ सर्वेक्षण का पुरस्कार समारोह शनिवार को तालकटोरा स्टेडियम, नई दिल्ली में आयोजित किया गया। राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु ने विजयी नगरीय निकायों को पुरस्कृत किया।

शुक्रवार को इंडियन स्वच्छता लीग (आईएसएल) में विजयी शहरों का ऐलान किया गया । इंडियन स्वच्छता लीग में अलग-अलग वर्गों के तहत 15 हजार से कम आबादी वाले नगरीय निकायों में भटगांव और माना कैंप, 15 से 25 हजार की आबादी में खैरागढ़, 25 से 50 हजार की आबादी वाले निकाय में जशपुर नगर और कोंडागांव, 50 हजार से 1 लाख में बिरगांव, 1 लाख से 3 लाख की आबादी में अंबिकापुर प्रथम स्थान प्राप्त किये हैं, वहीं 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों में रायपुर ने दूसरा स्थान प्राप्त किया है।

Exit mobile version