जशपुर : राजधानी रायपुर से रांची चलने वाली रात्रिकालीन रॉयल बस बगीचा क्षेत्र के शाहीडांड़ के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। इस हादसे में बस चालक व क्लीनर को चोटें आई हैं, जिन्हें उपचार के लिए बगीचा के सीएचसी में भर्ती कराया गया। अच्छी बात ये रही कि बस में सवार सभी 29 यात्री हादसे में सुरक्षित हैं।
राजधानी रायपुर से अंबिकापुर होते हुए रांची जाने वाली रॉयल सुबह 6 बजे शाहीडांड़ पहुंची हुई थी। इस बस में ना सिर्फ रायपुर से चढ़े सवारी थे, बल्कि रांची के कई पैसेंजरों ने बगीचा से बस पकड़ी थी। बताया जा रहा है कि बस के ड्राईवर को झपकी आ गई, जिससे, बस सड़क छोड़ खेत में उतर गई। बस खेत में उतरने के वक्त बस की स्पीड कम नहीं हुई।
आगे एक किसान के खलिहान के बाउंड्रीवॉल की पक्की दीवार बनी हुई थी। बस इस बाउंड्रीवॉल से जा टकराई। इस टक्कर से किसान का बाउंड्रीवॉल भरभरा कर टूट गया, लेकिन बस यहीं रुक गई। यदि यह बाउंड्रीवॉल नहीं होता तो बस आगे जाकर एक पेड़ से टकराती। घटना के वक्त खलिहान में कोई मौजूद नहीं था।
