Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

पलवल : भारतीय कृषक समाज की बैठक सम्पन्न

पलवल। भारतीय कृषक समाज की बैठक न्यू कॉलोनी में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता शैलेन्द्र सिंगला ने की तथा मुख्य अतिथि के रूप में हरियाणा प्रदेश के चेयरमैन अजीत तेवतिया उपस्थित रहे।

इस अवसर पर अजीत तेवतिया ने जिले की महिला कार्यकारिणी की घोषणा की। इसमें पूजा गेरा को अध्यक्ष, रेखा गुलाटी को उपाध्यक्ष, ममता रानी हसींजा को मंत्री, संजय सेठी को सहमंत्री, भारती गेरा को युवा महिला प्रमुख तथा गीता खुराना को मीडिया प्रभारी बनाया गया।

अपने संबोधन में अजीत तेवतिया ने कहा कि आज देश को स्वच्छ जल और जैविक अन्न की सबसे अधिक आवश्यकता है। अधिकांश बीमारियां रासायनिक दवाइयों के अत्यधिक प्रयोग के कारण बढ़ रही हैं। किसानों को जानकारी के अभाव और खाद-बीज की दुकानों पर बिक रही हानिकारक दवाइयों के चलते फसलों के साथ-साथ लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ हो रहा है।

उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है जब प्रदेशभर के किसान देशी बीजों और नीम के छिड़काव जैसी जैविक खेती को अपनाएं। फसलों में पानी की खपत को कम करने के लिए ड्रिप इरिगेशन प्रणाली को बढ़ावा देना होगा तथा धान के स्थान पर मोटे अनाज की फसलों को प्राथमिकता देनी होगी।

तेवतिया ने यह भी कहा कि ऐसे फल और सब्ज़ियां, जिन पर कृत्रिम रंग और रसायनों का प्रयोग होता है, उनके विक्रेताओं पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। हाल ही में अमेरिका से रद्द हुए कृषि समझौते की भी उन्होंने सराहना की और कहा कि इसका सीधा लाभ देश के किसानों को मिला है।

बैठक में सुचित्रा सिंह, अरुण शर्मा और सोहन लाल कोच सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

Exit mobile version