Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

पोषण पखवाड़ा का आयोजन 08 से 22 अप्रैल तक : जिले में पोषण जागरूकता के लिये आयोजित होंगे विभिन्न कार्यक्रम

Oplus_16908288

गरियाबंद। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बच्चों तथा महिलाओं के पोषण एवं स्वास्थ्य देखभाल संबंधी जागरूकता और आदतों में सुधार लाने के लिये जनजागरूकता के उद्देश्य से 08 से 22 अप्रैल तक पोषण पखवाड़ा का आयोजन किया जा रहा है।

कुपोषण एवं एनीमिया के स्तर में उल्लेखनीय कमी लाने के उद्देश्य से वर्ष 2018 से पोषण अभियान का संचालन किया जा रहा है। व्यक्तिगत एवं समुदाय स्तर पर स्वास्थ्य एवं पोषण सबंधित व्यवहार परिवर्तन पोषण अभियान का एक मुख्य उद्देश्य है।

पोषण पखवाड़ा अंतर्गत कुपोषण मुक्ति के लिये जनजागरूकता एवं समुदाय तक पहुंच एवं अन्य गतिविधियों का आयोजन किया जायेगा। आंगनबाड़ी केन्द्रों में पोषण भी पढ़ाई भी, पर्यावरण संरक्षण (मिशन लाईफ), जल संरक्षण, स्व सहायता समूहों की बैठक, खेल कूद गतिविधियां, टीकाकरण शिविर, गर्भवती महिलाओं की जांच, अन्नप्राशन, योग शिविर, स्थानीय, मिलेट आधारित परम्परागत खाद्य पदार्थों का प्रचार-प्रसार, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, आयुष एवं अन्य संबंधी गतिविधियां, डायरिया प्रबंधन, एनीमिया उन्मूलन संबंधी गतिविधियों का भी आयोजन किया जायेगा।

पोषण पखवाड़ा के आयोजन में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, सार्वजनिक एवं निजी क्षेत्रों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जायेगी ।

महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि पोषण पखवाड़ा अंतर्गत 8 अप्रैल को पोषण पखवाड़ा का शुभारंभ होगा। 09 अप्रैल को आंगनबाड़ी केन्द्र में विशेष सुपोषण चौपाल आयोजन कर गोदभराई एवं अन्नप्राशन्न, साथ ही छोटे बच्चों के लिए उचित आहार के संबंध में जानकारी, सहित अन्य कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे।

Exit mobile version