Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

अब स्कूलों में होगा न्योता भोजन.. बच्चों से पूछकर तैयार किया जाएगा मेन्यू

रायपुर : अब छत्तीसगढ़ के स्कूलों में न्योता भोजन का आयोजन होगा। मध्यान भोजन की जगह में अब स्कूली छात्रों को विशेष पकवान परोसे जा सकेंगे। जिसके अंतर्गत आम आदमी भी सामान्य स्कूलों में अब छात्रों को खाना खिला सकेंगे। बताया जा रहा है कि, छात्रों से पूछकर मेन्यू तैयार किया जायेगा। सामुदायिक भागीदारी को जोर देने के लिए स्कूल शिक्षा विभाग (School Education Department) ने ये पहल की है। विभाग ने आदेश भी जारी कर दिया है।

आपको बता दें कि, न्योता भोजन की अवधारणा, मूल रूप से भारत सरकार की प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण की गाईडलाईन में उल्लेखित तिथि भोजन से लिया गया है। जो सामुदायिक भागीदारी पर आधारित है। यह विभिन्न त्यौहारों या अवसरों जैसे जन्मदिन, वर्षगांठ, विवाह और राष्ट्रीय पर्व आदि पर बड़ी संख्या में लोगों को भोजन प्रदान करने की भारतीय परंपरा पर आधारित है। वहीं छत्तीसगढ़ राज्य में भोजन के लिए आमंत्रित करने को न्योता कहा जाता है। जिसके आधार पर छत्तीसगढ़ में तिथि भोजन को न्योता भोजन’ के नाम से लागू किया जा रहा है।

समुदाय (community) के सदस्य ऐसे त्यौहारों एवं अवसरों पर अतिरिक्त खाद्य पदार्थ या पूर्ण भोजन के रूप में बच्चों को स्वादिष्ट और पौष्टिक भोजन दे कर सकते हैं। यह पूरी तरह से स्वैच्छिक है और समुदाय के लोग या कोई भी सामाजिक संगठन या तो पूर्ण भोजन का योगदान कर सकते हैं या अतिरिक्त पूरक पोषण के रूप में मिठाई, नमकीन, फल या अंकुरित अनाज आदि के रूप में खाद्य सामग्री का योगदान कर सकते हैं। शिक्षा विभाग की ओर से जारी आदेश में विशेष उल्लेख किया गया है कि, ‘न्योता भोजन शाला में दिये जाने वाले भोजन का विकल्प नहीं है’ बल्कि यह केवल शाला में प्रदान किये जाने वाले भोजन का पूरक है’

Exit mobile version