Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

एक फरवरी को दल्लीराजहरा में होगा राष्ट्रीय ओपन बॉडी बिल्डिंग चैंपियनशिप

लौह नगरी दल्लीराजहरा आज सिर्फ औद्योगिक पहचान तक सीमित नहीं रही, बल्कि खेलों की नगरी के रूप में उसने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना ली है। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में स्थित दल्लीराजहरा को खिलाड़ियों की नगरी कहा जाए तो यह अतिशयोक्ति नहीं होगी।
‘लघु भारत’ के नाम से पहचाने जाने वाले इस नगर में सभी धर्मों और समुदायों के लोग आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ निवास करते हैं। यही एकता खेलों के क्षेत्र में भी इसकी ताकत बनकर सामने आई है।
आयरन गेम्स के क्षेत्र में दल्लीराजहरा ने देशभर में अलग मुकाम हासिल किया है। पावर लिफ्टिंग, बॉडी बिल्डिंग और वेट लिफ्टिंग जैसे ताकत आधारित खेलों में यहां अब तक 30 राज्य स्तरीय और 9 राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन हो चुका है, जो नगर, जिला और राज्य के लिए गर्व का विषय है।
इन उपलब्धियों के पीछे वीर हनुमान सिंह अवार्ड से सम्मानित हरिनाथ की वर्षों की मेहनत, समर्पण और निरंतर प्रयासों को प्रमुख कारण माना जाता है। उनके मार्गदर्शन में दल्लीराजहरा आज आयरन गेम्स का सशक्त केंद्र बन चुका है।
इसी कड़ी में 1 फरवरी 2026 को दल्लीराजहरा में आयोजित होने वाली ओपन राष्ट्रीय बॉडी बिल्डिंग चैंपियनशिप को लेकर खेल प्रेमियों में खासा उत्साह है। इस प्रतियोगिता में देश-विदेश के नामचीन खिलाड़ी हिस्सा लेंगे, जिससे बालोद जिला एक बार फिर राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर चमकता नजर आएगा।
खेल विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे आयोजनों से न केवल युवाओं को नई दिशा और प्रेरणा मिलती है, बल्कि जिले और राज्य की पहचान राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक सशक्त होती है।
आज दल्लीराजहरा सिर्फ लौह नगरी नहीं, बल्कि खेल, शक्ति और अनुशासन की पहचान बन चुका है।

Exit mobile version