Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

दुर्ग में गणेश महोत्सव-2026 की तैयारियों का शुभारंभ, सांसद विजय बघेल ने किया भूमि पूजन

* दुर्ग में गणेश महोत्सव-2026 की तैयारियों का शुभारंभ, भूमि पूजन के साथ शुरू हुआ भव्य आयोजन…
* :पदमनाभपुर मिनी स्टेडियम में सजेगा भव्य गणेश महोत्सव, बंगाल के शिल्पकार तैयार कर रहे अनूठी झांकियां…
* रामेश्वरम तीर्थ की भव्य प्रतिकृति बनेगी आकर्षण का केंद्र, 14 सितंबर से शुरू होगा गणेश महोत्सव…

दुर्ग । दक्षिण कौशल गणेश उत्सव समिति द्वारा आयोजित गणेश महोत्सव-2026 की तैयारियों का शुभारंभ सोमवार को पदमनाभपुर स्थित मिनी स्टेडियम में विधि-विधान के साथ भूमि पूजन कर किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना कर भगवान श्री गणेश से प्रदेश एवं क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

सावन महोत्सव में झूमीं देवांगन समाज की महिलाएं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां

भूमि पूजन के बाद सांसद विजय बघेल ने महोत्सव स्थल का निरीक्षण किया और पंडाल निर्माण में जुटे बंगाल से आए शिल्पकारों एवं कारीगरों से चर्चा कर उनके कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने भारतीय पारंपरिक शिल्पकला की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कलाकार देश की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

सांसद बघेल ने कहा कि गणेश महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। ऐसे आयोजन समाज के विभिन्न वर्गों को एक मंच पर लाने के साथ-साथ भारतीय संस्कृति और परंपराओं से नई पीढ़ी को जोड़ने का कार्य करते हैं।

समिति के अध्यक्ष संजीव श्रीवास्तव ने बताया कि इस वर्ष महोत्सव का मुख्य आकर्षण रामेश्वरम तीर्थ की भव्य प्रतिकृति होगी। विशाल पंडाल में रामेश्वर मंदिर, धनुषकोडी, रामसेतु, श्रीलंका द्वीप का प्रतीकात्मक स्वरूप, 22 पवित्र तीर्थ कुंड, अग्नि तीर्थ तथा विश्व प्रसिद्ध 1008 स्तंभों वाले मंदिर परिसर की आकर्षक झांकियां तैयार की जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि समिति द्वारा आयोजित यह दूसरा गणेश महोत्सव है और इस बार श्रद्धालुओं को एक ही स्थान पर धार्मिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक अनुभव प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है।

समिति के अनुसार आगामी 14 सितंबर से गणेश चतुर्थी के अवसर पर महोत्सव का शुभारंभ होगा। आयोजन की सभी तैयारियां युद्धस्तर पर जारी हैं, ताकि श्रद्धालुओं को भव्य एवं व्यवस्थित आयोजन का अनुभव मिल सके।

विद्युत लाइन की चपेट में आने से किसान घायल, मोनिका देवांगन ने जाना हाल-चाल

भूमि पूजन समारोह में सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी विश्वास चंद्राकर, एमआईसी सदस्य लिलेश अग्रवाल, पार्षद संजय अग्रवाल, लीलाधर पाल, रत्नाकर राव, राजेश शर्मा, राजेंद्र सिंह भाटिया, पवन चंद्राकर, संतोष सहित समिति के पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा और भगवान श्री गणेश के जयघोष के साथ महोत्सव की तैयारियों का औपचारिक शुभारंभ हुआ।

Exit mobile version