Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

अवैध रेत परिवहन पर खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई, 4 ट्रैक्टर जब्त

अवैध रेत परिवहन पर खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई, 4 ट्रैक्टर जब्त

अवैध रेत परिवहन पर खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई, 4 ट्रैक्टर जब्त
कलेक्टर के निर्देशानुसार की गई कार्रवाई, जब्त वाहनों को पुलिस अभिरक्षा में रखा गया

बालोद। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर रोक लगाने के लिए खनिज विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में खनिज विभाग की टीम ने डौण्डी विकासखंड के ग्राम पटेली और ग्राम घोटिया में औचक निरीक्षण कर अवैध रूप से रेत का परिवहन करते पाए जाने पर कुल 4 ट्रैक्टर जब्त किए हैं।

खनिज विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 14 अक्टूबर को डौण्डी विकासखंड के ग्राम पटेली में औचक निरीक्षण के दौरान रेत का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर 3 ट्रैक्टर जब्त किए गए। इनमें नीले रंग का सोनालिका डीआई 35 तथा लाल रंग के महिंद्रा युवो 575 और महिंद्रा युवो 585 ट्रैक्टर शामिल हैं। तीनों ट्रैक्टर ट्रॉली सहित जब्त कर थाना डौण्डी की अभिरक्षा में रखे गए हैं।

इसी तरह, आज सुबह डौण्डी विकासखंड के ग्राम घोटिया में किए गए औचक निरीक्षण के दौरान रेत का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर लाल रंग का महिंद्रा युवो 585 ट्रैक्टर ट्रॉली सहित जब्त किया गया। इस वाहन को थाना दल्लीराजहरा की अभिरक्षा में रखा गया है।

अवैध खनिज गतिविधियों पर जारी रहेगी कार्रवाई

खनिज विभाग द्वारा प्राप्त सूचना एवं शिकायतों के आधार पर अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के मामलों में त्वरित कार्रवाई की जा रही है। जब्त वाहनों से संबंधित प्रकरणों में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन द्वारा खनिज संसाधनों के अवैध दोहन पर रोक लगाने तथा खनिज नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए सतत निगरानी की जा रही है।

Exit mobile version