Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

अंतरराष्ट्रीय न्याय दिवस पर विधिक साक्षरता शिविर आयोजित

गरियाबंद। अंतरराष्ट्रीय न्याय दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गरियाबंद के मार्गदर्शन में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गरियाबंद में एक विशेष विधिक साक्षरता एवं जनजागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों को कानूनों की जानकारी प्रदान करना, उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक बनाना तथा समाज में विधिक चेतना का प्रसार करना है।

अंतरराष्ट्रीय न्याय दिवस पर विधिक साक्षरता शिविर

कार्यक्रम में जिला एवं अपर सत्र न्यायालय के माननीय न्यायाधीश श्री बी.आर.साहू, श्रीमती गंगा पटेल एवं सुश्री खुशबू जैन ने विद्यार्थियों को विभिन्न महत्वपूर्ण कानूनी विषयों पर सरल एवं सहज भाषा में जानकारी प्रदान की। उन्होंने बच्चों को गुड टच एवं बैड टच की पहचान, यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पाक्सो),साइबर अपराध एवं ऑनलाइन ठगी से बचाव, मोटर यान अधिनियम, बिना ड्राइविंग लाइसेंस एवं बिना बीमा के वाहन चलाने के कानूनी परिणाम,सड़क सुरक्षा नियमों तथा नागरिकों के अधिकार एवं दायित्वों के बारे में विस्तारपूर्वक अवगत कराया।

माननीय न्यायाधीशों ने विद्यार्थियों से कहा कि वर्तमान समय में कानूनी जानकारी प्रत्येक नागरिक के लिये अत्यंत आवश्यक है,सही जानकारी होने से व्यक्ति स्वयं को अपराधों से सुरक्षित रख सकता है तथा आवश्यकता पड़ने पर कानून की सहायता भी प्राप्त कर सकता है।

उन्होंने विद्यार्थियों से सोशल मीडिया एवं इंटरनेट का सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल अपने अभिभावकों अथवा संबंधित अधिकारियों को देने की अपील की।

शिविर के दौरान विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुये कानून,साइबर सुरक्षा एवं बाल संरक्षण से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे,जिनका न्यायाधीशों द्वारा विस्तारपूर्वक एवं सरल भाषा में उत्तर दिया गया। विद्यार्थियों ने कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी बताते हुये भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये जाने की अपेक्षा व्यक्त की।

इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्य, समस्त शिक्षक-शिक्षिकायें एवं विद्यालयीन स्टाफ उपस्थित रहे।

Exit mobile version