कृषि विभाग का औचक निरीक्षण
गरियाबंद। मैनपुर विकासखण्ड के मेसर्स राजेन्द्र खाद भंडार धुरवागुड़ी एवं मेसर्स सिद्धी विनायक कृषि केन्द्र गोहरापदर का औचक निरीक्षण कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा किया गया।
निरीक्षण के दौरान मेसर्स राजेन्द्र खाद भंडार धुरवागुड़ी द्वारा कृषकों को निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर उर्वरकों का विक्रय करना, अघोषित परिसर में उर्वरकों का भंडारण वितरण करना, भंडारण की स्थिति एवं मूल्य सूची प्रदर्शित नहीं करना, नगद एवं उधार का ज्ञापन जारी नहीं करना फॉर्म-एम एवं निर्धारित तरीकों से अभिलेखों आदि का रखरखाव नहीं करना पाया गया, जो कि उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 के प्रावधानों का स्पष्ट उल्लंघन है।
फलस्वरूप उक्त संस्थान में उपलब्ध उर्वरक का स्कंध युरिया 520 बोरी को जब्त कर विक्रय प्रतिबंध किया गया तथा 03 दिवस के भीतर जबाव प्रस्तुत करने हेतु नोटिस जारी किया गया है।
इसके साथ ही मेसर्स राजेन्द्र खाद भंडार धुरवागुड़ी के उर्वरक प्राधिकार पत्र को 07 दिवस हेतु निलंबित किया गया है। जबाव के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्यवाही की जावेगी।
प्रशासन का दावा है कि वर्तमान में जिले के सहकारी समितियों में पर्याप्त मात्रा में उर्वरकों का भंडारण किया गया है तथा जिन समतियों में उर्वरकों की कमी है, वहां तत्काल उर्वरकों का भंडारण कराया जा रहा है। कृषि विभाग द्वारा किसानों से अपील की गई है कि निर्धारित दर पर अधिकृत विक्रेता से ही उर्वरक क्रय करें एवं सामग्री का पक्का बिल आवश्यक रूप से लेवें, साथ ही अनाधिकृत रूप से व्यवसाय अथवा अधिक कीमत पर विक्रय करने की जानकारी होने पर विभागीय अधिकारियों को सूचित करने को कहा गया है।
