Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

अपनी सरकार में कमीशनखोरी स्वीकार चुके पूर्व सीएम अब अफसरों को नसीहत न दें – कुलबीर सिंह छाबड़ा

राजनांदगांव : शहर कांग्रेस जिलाध्यक्ष कुलबीर सिंह छाबड़ा ने पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह के बयान का पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं को कमीशनखोरी बंद करने की अपील करने वाले पूर्व सीएम अब अफसरेां को नसीहत दे रहे हैं। दरअसल सीएम भूपेश बघेल के ऑनलाइन सट्‌टा जुआ पर कार्रवाई के निर्देश पर पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह ने बयान दिया था कि अगर अफसर महीना लेना बंद कर दें तो जुआ सट्‌टा बंद हो जाएगा।

कांग्रेस अध्यक्ष कुलबीर सिंह छाबड़ा ने कहा कि पूर्व सीएम भूल गए कि उन्होंने खुद ही अपने कार्यकाल में कमीशनखोरी की पुष्टी अपने जुबान से ही की थी। प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में भाजपा नेताओं से कहा था कि अगर भाजपा नेता एक साल के लिए कमीशन लेना बंद कर दें तो उनकी सरकार 20 साल तक टिकी रहेगी। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि भाजपा सरकार के दौरान कमीशनखोरी किस हद तक थी कि पूर्व सीएम को सिर्फ एक साल के लिए कमीशनखोरी बंद करने की अपील करनी पड़ी थी।

वहीं  इस बयान से पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह ने प्रमाणित कर दिया था कि उनकी सरकार में कमीशनखोरी जोरो से चल रही है। डॉ. रमन सिंह ने कमीशनखोरी का यह प्रमाण पत्र अपने ही सरकार को दे दिया था। यह सब भूलकर अब डॉ. रमन सिंह जी कांग्रेस  सरकार के दौरान अफसरों को महीना लेना बंद करने की बात कह रहे हैं। जबकि कांग्रेस सरकार के दौरान नशे से लेकर हर तरह के अवैध कारोबार पर तेजी से कार्रवाई हो रही है।

आम लोगों में भी भूपेश सरकार के प्रति भरोसा बढ़ा है। भाजपा के पास कोई मुद्दा नहीं है, इसके चलते कुछ भी बयानबाजी कर रहे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष छाबड़ा ने कहा कि पूर्व सीएम को अपने 15 साल के कार्यकाल में हुए भ्रष्टाचार और खुलेआम चली कमीशनखोरी को याद करने की जरुरत है।

राजनांदगांव से दीपक साहू

Exit mobile version