Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

जादू-टोना के शक में महिला की हत्या करने वाला आरोपी को कोतवाली पुलिस ने 4 घंटे में किया गिरफ्तार

जादू-टोना के शक में महिला की हत्या करने वाला आरोपी को कोतवाली पुलिस ने 4 घंटे में किया गिरफ्तार

कोरिया/जिला मुख्यालय बैकुंठपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत जामपारा गांव में जादू-टोना के शक में महिला की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मिली जानकारी के अनुसार, आज सुबह बैकुंठपुर पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम पंचायत जामपारा गांव में परवतिया बाई नामक महिला खेत के पास मृत अवस्था में पड़ी है। सूचना पर पुलिस अधीक्षक रवि कुर्रे के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल,एसडीओपी राजेश साहू और थाना प्रभारी विपिन लकड़ा दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक पूछताछ में परिजनों और ग्रामीणों ने बताया कि गांव का ही प्रकाश राजवाड़े मृतिका पर जादू-टोना करने का शक करता था। दरअसल,आरोपी की बच्ची की मौत कुछ माह पूर्व हो गई थी। उसका मानना था कि मृतिका ने टोना-टोटका कर बच्ची की जान ली है। इसी दुर्भावना में उसने परवतिया बाई की हत्या की योजना बनाई। पुलिस जांच में सामने आया कि महिला रोजाना सुबह शौच के लिए उसी रास्ते से गुजरती थी। मंगलवार सुबह जब वह लौट रही थी तभी आरोपी ने उसका पीछा किया और गड़ासा से गर्दन पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी गांव से बाहर एक नर्सरी में छिपा हुआ था। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया और हत्या में प्रयुक्त गड़ासा भी पुलिस ने बरामद कर लिया। इसके बाद प्रकाश राजवाड़े को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है। इस कार्रवाई में एसआई अलंगो कुमार दास,प्रधान आरक्षक ओमप्रकाश रजवाड़े,आरक्षक कमलेश व दिनेश उइके की विशेष भूमिका रही। पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 299/2025 धारा 103(1) छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना अधिनियम तथा धारा 4,5 के तहत अपराध दर्ज किया है

Exit mobile version