जिले में हर वर्ग के मतदाताओं ने मतदान में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया, कोरबा जिले में मतदान शांति पूर्ण संपन्न
कोरबा/संतोष देवांगन : जिले में आज संपन्न हुये विधानसभा चुनाव के मतदान में मतदाताओं में उत्साह देखा गया। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के मतदान केंद्रों में मतदाता सुबह से कतारबद्ध होकर मतदान हेतु अपनी बारी का इंतजार करते दिखाई दिये। चुनाव आयोग द्वारा स्वीप कार्यक्रम सहित अन्य माध्यम से किये गये प्रचार प्रसार एवं मतदाताओं को वोट डालने दी गई सुविधाओं की वजह से मतदान करने लोगों का उत्साह बना रहा। निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने भारत निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त प्रेक्षक मतदान की प्रक्रिया का जायजा लेते रहे वहीं कलेक्टर श्री सौरभ कुमार, पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र शुक्ला, सहित सभी जोनल अधिकारी मतदान केंद्रों का भ्रमण करते रहे। कोरबा जिले में मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ।
कोरबा जिले में मतदान करने लोगों में अभूतपूर्व उत्साह नजर आया। युवा मतदाता, दिव्यांग, वरिष्ठ नागरिक, महिलाएं सहित विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा, बिरहोर जनजाति के मतदाताओं ने भी मतदान किया।
पाली तानाखार विधानसभा क्रमांक 23 के मतदान केंद्र प्राथमिक शाला गुड़रुमुड़ा में विशेष पिछड़ी जनजाति बिरहोर वर्ग के मतदाताओं ने मतदान कर लोकतंत्र के निर्माण में अपना योगदान दिया। ग्राम पंचायत घोसरा मतदान केंद्र क्रमांक 61 प्राथमिक शाला बेलपरा में निःशक्तजन श्री धीरसाय पिता शोभनाथ ने मतदान कर मजबूत लोकतंत्र के निर्माण में अपनी सहभागिता दर्ज कराई। कोरबा विधानसभा अंतर्गत नगरीय क्षेत्र स्थित संगवारी मतदान केंद्र रामपुर में 70 वर्षीय अशुन बाई ने मतदान किया। नगर निगम अंतर्गत स्वच्छता दीदीयों ने भी मतदान कर जिम्मेदार नागरिक होने का फर्ज अदा किया।
कोरबा जिले के विधानसभा कटघोरा के आदर्श संगवारी मतदान केंद्र (मतदान केंद्र क्रमांक 36) में युवा चंचल शर्मा व चित्रिका उपाध्याय ने आज पहली बार मतदान किया।
“मतदाता मित्रों ने मतदान कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई”
मतदान केंद्रों में वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगों और शारीरिक रूप से अक्षम व्यक्तियों को मतदान कराने स्कूली विद्यार्थियों, मतदाता सहायक, स्काउट्स एवं गाइड्स ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्हें मतदान केंद्र तक पहुंचाने, पेयजल उपलब्ध कराने का कार्य किया। मतदान में दिव्यांग मतदाताओं ने भी बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। दिव्यांगों ने व्हील चेयर, ट्रायसायकल आदि के सहारे मतदान केन्द्र पहुँच कर अपने पसंद के उम्मीदवार को वोट डाला।
“प्रेक्षकों सहित कलेक्टर ने लिया मतदान केंद्र का जायजा”
“गर्भवती महिला ज्योति जायसवाल ने किया मतदान”
एनआईसी अधिकारी हेमंत जायसवाल ने अपनी 9 माह की गर्भवती पत्नी ज्योति जायसवाल के साथ लोकतंत्र के इस महापर्व में मतदान कर अपनी भागीदारी सुनिश्चित की। उन्होंने अपनी पत्नी के साथ प्राथमिक शाला डिंगापुर में मतदान किया।
“संगवारी मतदान केंद्र सहित युवा, दिव्यांग मतदान केंद्रों में दिखा उत्साह”
जिले में 40 संगवारी 20 आदर्श मतदान केंद्र बनाए गए थे। सभी विधानसभा क्षेत्रों में एक-एक युवा और दिव्यांग कर्मियों द्वारा प्रबंधित मतदान केंद्र बनाए गए थे। इन सभी केंद्रों में मतदान करने उत्साह का माहौल नजर आया। महिला मतदाताओं ने संगवारी बूथों में बढ़-चढ़ कर मतदान किया। इस दौरान संगवारी बूथ में वोट डालने के पश्चात् हरमीत कौर, दीपा कौर, आइशा रिज़वी सहित अन्य मतदाताओं ने संगवारी बूथ की सराहना की।
“मतदान के बाद सेल्फी भी लेते रहे मतदाता”
“वेबकास्टिंग से मतदान केंद्रों की होती रही निगरानी”
जिले में कुल 1081 मतदान केंद्र बनाए गए थे। इन मतदान केंद्रों में सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए थे। मतदान केंद्रों की लाइव स्थिति जानने के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई थी। जिले में कुल 541 मतदान केंद्रों की वेबकास्टिंग की गई। जिला स्तर पर भी मतदान केंद्रों की जानकारी ली जा रही थी।
