* बार-बार नोटिस के बावजूद पाटन तहसील में उपस्थित नहीं हो रहे सांकरा उद्यानिकी महाविद्यालय के अधिष्ठाता…
* कार्रवाई में हो रही देरी पर जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने जताई नाराजगी…
दुर्ग/पाटन : 27 जून 2026 ग्राम खुड़मुड़ी (पाटन) स्थित उद्यानिकी विभाग की शासकीय भूमि से रेत एवं मिट्टी के अवैध उत्खनन के मामले में प्रशासनिक जांच के बावजूद अब तक ठोस कार्रवाई नहीं होने पर जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने गंभीर चिंता व्यक्त की है।
जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी, दुर्ग ग्रामीण जिला अध्यक्ष मधुकांत साहू ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए बताया कि लगभग चार माह पूर्व ग्राम खुड़मुड़ी के ग्रामीणों ने उद्यानिकी विभाग की भूमि से बड़े पैमाने पर रेत एवं मिट्टी उत्खनन किए जाने की शिकायत पार्टी को दी थी।
शिकायत प्राप्त होने के बाद पार्टी के पदाधिकारियों ने तत्काल मौके का निरीक्षण किया, जिसमें ग्रामीणों की शिकायत प्रथम दृष्टया सही पाई गई। इसके बाद जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी द्वारा एसडीएम पाटन एवं तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच एवं दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई थी।
किन्तु आज तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उक्त रेत एवं मिट्टी का उपयोग किस कार्य में किया गया। इस संबंध में न तो ग्राम पंचायत के सरपंच संतोषजनक जानकारी दे पा रहे हैं और न ही उद्यानिकी महाविद्यालय के अधिष्ठाता कोई स्पष्ट जवाब प्रस्तुत कर रहे हैं।
इसी विषय में अपना पक्ष रखने हेतु एसडीएम पाटन एवं तहसील कार्यालय द्वारा अधिष्ठाता अमित दीक्षित को लगभग चार बार नोटिस जारी किए जा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद वे आज तक न तो पाटन तहसील में उपस्थित हुए हैं और न ही अपना लिखित पक्ष प्रस्तुत किया है। इससे पूरे मामले में संदेह और भी गहरा हो गया है तथा प्रशासनिक प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।
इसी मांग को लेकर जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी, दुर्ग ग्रामीण द्वारा दिनांक 24 जून 2026 को जिला कलेक्टर महोदय को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले में शीघ्र एवं निष्पक्ष कार्रवाई करते हुए दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की गई है।
जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो पार्टी ग्रामीणों के साथ मिलकर लोकतांत्रिक एवं जनहितकारी आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
