Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

वन विभाग टीम की बड़ी कार्यवाही, सरपंच के घर पकड़ाया इमारती लकड़ियों का जखीरा

खैरागढ़। वन विभाग टीम की बड़ी कार्यवाही

खैरागढ़(प्रदीप बोरकर) । जिले के गंडई क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पैलीमेटा में वन विभाग ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए सरपंच कुमार पाल और उसके भतीजे सुनील पाल के घर दबिश दी। दोनों के घर से बड़ी मात्रा में बेशकीमती सागौन और बीजा की लकड़ी बरामद की गई है। वन विभाग के अनुसार बरामद लकड़ी के संबंध में मौके पर कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। लकड़ी की कीमत लाखों रुपए में होने का अनुमान है। मामले में विभाग की कार्रवाई देर शाम तक जारी रही।

वन विभाग को सूचना मिली थी कि पैलीमेटा सरपंच कुमार पाल पिता राम पाल और उसके भतीजे सुनील पाल के घर बड़ी मात्रा में कीमती लकड़ी रखी गई है। सूचना के आधारपर विभागीय टीम ने दोनों ठिकानों पर दबिश दी। तलाशी के दौरान सागौन और बीजा की लकड़ी से बने तख्ते, सिलपट, दरवाजे, पलंग सहित अन्य सामान बरामद हुआ।

केसीजी डीएफओ संजय यादव ने बताया कि अवैध रूप से कीमती लकड़ी रखे होने की सूचना पर पैलीमेटा सरपंच और उसके भतीजे के घर दबिश दी गई। दोनों के घर से सागौन और बीजा की लकड़ी से बने फर्नीचर, तख्ते सहित अन्य सामान मिला है। फिलहाल लकड़ी के संबंध में कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया है। मामले में कार्रवाई जारी है।

पहले भी बरामदगी की जा चुकी

ग्रामीणों के अनुसार इसी सरपंच के घर के समीप कुछ वर्ष पहले भी बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित लकड़ी बरामद हुई थी। उस समय बरामद लकड़ी की मात्रा वर्तमान कार्रवाई से भी अधिक बताई जा रही है। एक बार फिर उसी क्षेत्र में बड़ी मात्रा में बेशकीमती लकड़ी मिलने से वन विभाग की कार्रवाई चर्चा में है।

कार्रवाई के दौरान सरपंच के बियारा से देर शाम करीब 7 बजे तक लकड़ी बरामद होती रही। बड़ी मात्रा में लकड़ी होने के कारण ठाकुरटोला, देवरच्चा, झिरिया, मोहगांव और गंडई वन मंडल से करीब 40 से अधिक वनकर्मी तथा वन समितियों के 15 से ज्यादा चौकीदार लकड़ी निकालने और जब्ती की कार्रवाई में जुटे रहे। विभाग द्वारा बरामद लकड़ी का आकलन और दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

Exit mobile version