जामुल पुलिस का बड़ा खुलासा: मां-बेटे की चोरी की साजिश का पर्दाफाश, जेवर समेत 5.50 लाख बरामद
मामला 13 अगस्त 2025 का है, जब प्रार्थी सुदर्शन कुमार कुर्रे अपने परिवार के साथ बलौदाबाजार गए थे। घर लौटने पर उन्होंने देखा कि घर का ताला टूटा हुआ है और आलमारी से करीब 1.50 लाख रुपये के जेवर चोरी हो गए हैं।
शिकायत दर्ज होते ही जामुल पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ मुखबिरों की मदद से आरोपियों का पता लगाया। मुखबिर की सूचना पर संदेही दीशु जगत (20) और उसकी मां अनुराधा जगत (42) को खुर्सीपार से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में दोनों ने वारदात कबूलते हुए बताया कि चोरी किए गए जेवरात को दंतेवाड़ा में गिरवी रखकर बेचा गया था, वहीं कुछ रकम से आईफोन खरीदा गया। पुलिस ने दंतेवाड़ा और खुर्सीपार से कुल 5.50 लाख रुपये के आभूषण जब्त किए हैं।
गंभीर अपराध में लिप्त मां-बेटे को 5 सितंबर को न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल भेजा गया। इस पूरी कार्यवाही में थाना प्रभारी राजेश मिश्रा, सउनि महफूज खान, आरक्षक चेतमान गुरूंग, रत्नेश शुक्ला, तिरिथ बंजारे, रूपनारायण बाजपेयी और चंदन सिंह का विशेष योगदान रहा।