Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

28 जून को जिलेभर में चलेगा सघन पल्स पोलियो अभियान

830 बूथों पर 91 हजार से अधिक बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक

घर-घर पहुंचेगी स्वास्थ्य टीम, अभिभावकों से बच्चों को बूथ पर लाने की अपील

गरियाबंद। राष्ट्रीय सघन पल्स पोलियो अभियान के तहत जिले में रविवार, 28 जून को विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जायेगा। अभियान के प्रथम दिवस निर्धारित पोलियो बूथों पर 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दो बूंद खुराक पिलाई जायेगी, जबकि 29 एवं 30 जून को मॉप-अप अभियान के तहत घर-घर पहुंचकर बच्चों को दवा दी जायेगी।

स्वास्थ्य विभाग के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि भारत 2014 से पोलियो मुक्त है, लेकिन पड़ोसी देशों पाकिस्तान और अफगानिस्तान में पोलियो के सक्रिय मामले सामने आने से संक्रमण का खतरा बना हुआ है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिले में व्यापक स्तर पर अभियान संचालित किया जा रहा है। कलेक्टर एवं जिला स्वास्थ्य समिति के मार्गदर्शन में जिले के 830 पोलियो बूथों के माध्यम से 91 हजार 115 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है।

इस अभियान के लिये 1 हजार 835 टीम सदस्यों की तैनाती की गई है। जिनमें स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन, कोटवार, प्रशिक्षु महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता एवं पैरामेडिकल विद्यार्थी शामिल हैं।
दूरस्थ एवं पहुंचविहीन क्षेत्रों तक दवा पहुंचाने के लिए 36 मोबाइल टीमों का गठन किया गया है। वहीं बस स्टैंड, सार्वजनिक स्थलों, खदानों, ईंट-भट्टों, छात्रावासों, मदरसों तथा अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने हेतु 48 ट्रांजिट टीमों की व्यवस्था की गई है। घर-घर सर्वे एवं दवा पिलाने के लिए 881 टीम सदस्य तैनात रहेंगे।

अभियान की प्रभावी निगरानी के लिये सभी पोलियो बूथों को सेक्टरों में विभाजित कर पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है। जिला एवं विकासखंड स्तर पर 24 घंटे संचालित होने वाले कंट्रोल रूम स्थापित किये जायेंगे, जहां प्रत्येक दो घंटे में प्रगति रिपोर्ट प्राप्त की जायेगी।

स्वास्थ्य विभाग ने जिले के सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने पांच वर्ष तक के बच्चों को निकटतम पोलियो बूथ पर ले जाकर पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं और उन्हें पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखें।

Exit mobile version