* बेमेतरा में गरिमामय माहौल में मनाया गया स्वतंत्रता दिवस-सांसद विजय बघेल ने फहराया राष्ट्रीय ध्वज—
* 1000 से अधिक विद्यार्थियों ने दी देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुति—
बेमेतरा। बेसिक मैदान में जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमामय और राष्ट्रभक्ति से भरे माहौल में आयोजित किया गया। समारोह में दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल ने मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। ध्वजारोहण के बाद परेड की सलामी ली गई और मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया गया। समारोह में जिले के विभिन्न विद्यालयों के एक हजार से अधिक छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने पूरे बेसिक मैदान को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया और उपस्थित लोगों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और परिजनों का सम्मान
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और उनके परिजनों का शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया गया। इस दौरान उनके त्याग, संघर्ष और बलिदान को श्रद्धापूर्वक याद करते हुए नमन किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि देश की स्वतंत्रता अनेक वीरों के संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। आज की पीढ़ी का दायित्व है कि वह स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत करने में योगदान दे।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
जिला स्तरीय समारोह में विधायक दीपेश साहू, पूर्व विधायक अवधेश सिंह चंदेल, कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं, एसडीओपी ओ.पी. एक्का, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश यादव, अपर कलेक्टर प्रकाश भारद्वाज, पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल, नगर पालिका बेमेतरा अध्यक्ष विजय सिन्हा और जिला पंचायत सीईओ प्रेमलता सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। समारोह के दौरान पूरे परिसर में राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति का माहौल नजर आया।
राष्ट्र की एकता और अखंडता की रक्षा का संकल्प
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उपस्थित लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के प्रति संकल्प व्यक्त किया। साथ ही स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के अमूल्य योगदान को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संदेश दिया गया। बेमेतरा का जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति, सम्मान और राष्ट्रीय गौरव की भावना के साथ संपन्न हुआ।
