रिपोर्टर – शशिकांत (सनसनी) मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी
शिक्षा जगत को शर्मसार करने वाली एक और घटना आई सामने
छत्तीसगढ़ के नवगठित जिला मोहला मानपुर अंबागढ़ चौकी के जिला शिक्षा कार्यालय में पदस्थ सहायक ग्रेड-2 जनक धुर्वे पर नौकरी लगाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का आरोप लगा है। पीड़ित विवेकानंद साहू (ग्राम कोसमी) का आरोप है कि वर्ष 2024 में उनकी पत्नी हिमाद्री लता साहू को स्किल इंडिया एनजीओ के माध्यम से शिक्षक की नौकरी दिलाने का झांसा देकर जनक धुर्वे ने उनसे कुल 2 लाख 2 हजार रुपये नकद और 85 हजार रुपये ऑनलाइन, कुल मिलाकर 2 लाख 85 हजार रुपये लिए।
पीड़ित का कहना है कि शुरुआत में 3 लाख रुपये की मांग की गई थी, जिसमें से 50 हजार रुपये जनक धुर्वे खुद देने की बात कह रही थीं। कुछ महीनों तक उनकी पत्नी स्कूल में पढ़ाती रहीं, लेकिन बाद में एनजीओ फर्जी निकला। जब पैसे वापसी की मांग की गई तो जनक धुर्वे ने इनकार कर दिया। पीड़ित के पास सभी लेन-देन के सबूत, कॉल रिकॉर्ड और दस्तावेज मौजूद हैं।
पीड़ित ने खड़गांव थाना प्रभारी को लिखित शिकायत दी है, जिसके बाद शिक्षा विभाग और स्थानीय प्रशासन में हड़कंप मच गया है। आरोप है कि जनक धुर्वे अब पीड़ित से समझौते और शिकायत वापस लेने के लिए संपर्क कर रही हैं।
फॉरवर्ड डेमोक्रेटिक लेबर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शिवशंकर गौर ने आरोप लगाया है कि स्किल इंडिया एनजीओ ने शिक्षा विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर 250 से 300 लोगों से 3-3 लाख रुपये लेकर करोड़ों रुपये की ठगी की है। कुछ समय तक काम देने के बाद एनजीओ फरार हो गया। गौर ने दावा किया है कि पीड़ितों की पूरी सूची उनके पास है और अन्य लोग भी शिकायत दर्ज कराने की तैयारी में हैं।
उन्होंने मांग की है कि भोले-भाले ग्रामीणों से ठगी करने वाले सभी लोगों पर, चाहे वे सरकारी कर्मचारी हों या एनजीओ संचालक, पुलिस कड़ी कार्रवाई करे और पीड़ितों को न्याय दिलाया जाए।