Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

अतिथि शिक्षक (विद्यामितान) संघ ने की राज्यपाल से मुलाकात कर सौंपा ज्ञापन

* अतिथि शिक्षक (विद्यामितान) संघ द्वारा चार सूत्रीय मांगों को लेकर की माननीय राज्यपाल से मुलाकात एवं मांगों का प्रस्तुतिकरण, सौंपा ज्ञापन…

रायपुर: छत्तीसगढ़ राज्य के प्रांतीय अतिथि शिक्षक (विद्यामितान) संघ के प्रतिनिधिमंडल ने आज माननीय राज्यपाल श्री रेमन डेका से शिष्टाचार भेंट कर प्रदेश के अतिथि शिक्षकों से जुड़ी महत्वपूर्ण समस्याओं एवं मांगों को विस्तारपूर्वक प्रस्तुत किया।

प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल महोदय को अवगत कराया कि वर्ष 2015-16 से प्रदेश के शासकीय स्कूलों में अतिथि शिक्षक (विद्यामितान) के रूप में कार्यरत शिक्षक निरंतर अपनी सेवाएं दे रहे हैं, इसके बावजूद उनके नियमितीकरण/समायोजन को लेकर अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।

इस दौरान संघ द्वारा निम्न प्रमुख मांगें राज्यपाल महोदय के समक्ष रखी —
1- अतिथि शिक्षकों का स्कूल शिक्षा विभाग में नियमितीकरण/संविलियन/समायोजन किया जाए।
2- सेवाकाल की अवधि को मानदेय (अनुभव) के रूप में मान्यता प्रदान की जाए।
3- “समान कार्य के लिए समान वेतन” के आधार पर उचित वेतनमान दिया जाए।
4- अतिथि शिक्षकों को शासकीय कर्मचारियों के समान अवकाश एवं अन्य सुविधाएं प्रदान की जाएं।

वहीं माननीय राज्यपाल महोदय ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना एवं सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया। प्रांतीय अतिथि शिक्षक (विद्यामितान) संघ छत्तीसगढ़ ने विश्वास व्यक्त किया है कि शासन स्तर पर शीघ्र ही अतिथि शिक्षकों की मांगों पर उचित निर्णय लिया जाएगा।

इस अवसर पर प्रमुख रूप से प्रदेश अध्यक्ष अन्नपूर्णा पाण्डेय, प्रदेश कार्यकारिणी अध्यक्ष राज यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष किरण तिवारी, बलरामपुर जिला अध्यक्ष अमित सिन्हा, सूरजपुर जिला अध्यक्ष त्रिभुवन साहू एवं अन्य साथीगण।

Exit mobile version