कार्यक्रम में दिखी ऑपरेशन सिंदूर की झलकियां भारतीय सेना की गौरव गाथा
राजेश मूणत का राष्ट्र के नाम संदेश – एकता से खिलवाड़ नहीं सहेंगे
पुरुषोत्तम चंद्राकर एवं राकेश तिवारी की सांस्कृतिक संध्या में झलकी देशभक्ति
रायपुर : 14 अगस्त स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर रायपुर के गुढ़ियारी स्थित भारत माता चौक पर एक भव्य और भावनात्मक आयोजन हुआ। रायपुर पश्चिम के विधायक राजेश मूणत की अगुवाई में आयोजित ‘भारत माता की आरती’ में हजारों की संख्या में लोगों ने भाग लिया। यह आयोजन राष्ट्रभक्ति, शहीदों के सम्मान और राष्ट्रीय एकता के प्रति जनभावना का प्रतीक बन गया।
कार्यक्रम में 101 पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार और शंखध्वनि के बीच मां भारती की आरती की गई। दीप, धूप और कपूर के साथ आरती स्थल पर उपस्थित हजारों लोगों ने भारत माता को नमन किया। ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के नारों से पूरा चौक गूंज उठा।
राजेश मूणत ने मंच से स्पष्ट शब्दों में कहा, भारत को कमजोर समझने की भूल करने वालों को हर बार जवाब मिलेगा — कभी सर्जिकल स्ट्राइक से, कभी एयर स्ट्राइक से। देश की एकता को तोड़ने का सपना देखने वाले नक्सली हों या आतंकी, उन्हें माफ नहीं किया जाएगा। भारत अब सहन नहीं करता, सीधे उत्तर देता है।
कार्यक्रम में भारत के सैन्य बलों, अर्धसैनिक बलों और पुलिस बलों को सलाम किया गया। जिनके बल पर हम आज़ाद हवा में सांस ले रहे हैं, उन वीर जवानों के सामने हम नतमस्तक हैं। सीमाओं से लेकर जंगलों तक, हर जगह तैनात जवानों की बहादुरी को ये आरती समर्पित है। आरती के बाद लोक कलाकार राकेश तिवारी एवं पुरुषोत्तम चंद्राकर और उनके दल ने छत्तीसगढ़ी गीतों के माध्यम से देशभक्ति का संदेश दिया। ‘ देश भक्ति गीतों पर दर्शकों ने तालियों से स्वागत किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग और युवा शामिल हुए। दीप प्रज्ज्वलित कर उन्होंने भारत माता को नमन किया। पूरे आयोजन में अनुशासन, शांति और एकता की मिसाल देखने को मिली।
*रायपुर पश्चिम के सभी वार्डो से निकली तिरंगा यात्रा का समापन भारत माता चौक पर*
आज रायपुर पश्चिम के सभी 20 वार्डों से तिरंगा यात्रा निकाली गई जहां वार्ड पार्षद और स्थानीय नेताओं सहित युवाओं की टोली बाइक में सवार होकर वार्ड भ्रमण करते हुए भारत माता की आरती कार्यक्रम स्थल भारत माता चौक पर पहुंची सभी गाड़ियों में तिरंगे और भारत माता की जय के नारों ने वार्ड सहित पूरे रायपुर पश्चिम में देशभक्ति माहौल निर्मित किया ना सिर्फ भाजपा कार्यकर्ता अपितु स्थानीय गणमान्य नागरिक भी बढ़चढकर देशभक्ति कार्यक्रम में उपस्थित रहे ।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से विधायक मोतीलाल साहू, पूर्व विधायक नंदकुमार साहू, राजीव अग्रवाल छगन लाल मुंदडा, ओंकार बैस युवा मोर्चा अध्यक्ष योगिराज टिकरिया अमरजीत छाबड़ा ,राहुल ,जयंती पटेल , सूर्यकांत राठौर उपस्थित थे।
