गौठान में जिमीकांदा और हल्दी की अच्छी फसल की तारीफ की, जमीनी स्तर पर सुराजी गांव योजना की कर रहे मॉनिटरिंग
राजनांदगांव : शासन की सुराजी गांव योजना ग्रामीण क्षेत्रों में उन्नति और खुशहाली ला रही है। गौठान रूरल इंडस्ट्रियल पार्क के रूप में साकार हो रहे हैं और समूह की महिलाएं, उद्यमी सभी में किसानों में हर्ष व्याप्त है। कलेक्टर श्री डोमन सिंह लगातार जमीनी स्तर पर सुराजी गांव योजना की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। उन्होंने प्रभावी क्रियान्वयन के लिए मिशन मोड में कार्य करने के निर्देश दिए हैं। इसी कड़ी में उन्होंने आज राजनांदगांव विकासखंड के ग्राम चारभांठा, उप तहसील घुमका, शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला स्वामी आत्मानंद घुमका, ग्राम घुमका के गौठान का निरीक्षण किया।
कलेक्टर श्री डोमन सिंह ने उप तहसील घुमका का निरीक्षण किया और वहां तहसीलदार को नामांकन, सीमांकन के प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यालय में अच्छी साफ-सफाई है। यहां सुरक्षा के मद्देनजर दो कोटवार नियुक्त करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने राजस्व निरीक्षक कार्यालय का भी जायजा लिया।
कलेक्टर ने ग्राम घुमका के गौठान का मुआयना किया। समूह की महिलाओं ने उन्हें बताया कि वे सिलाई मशीन से बच्चों के स्कूल ड्रेस निर्माण का कार्य कर रही है। कलेक्टर ने गौठान में शेड बनवाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने वहां उजियाला मशीन के तहत बनाये जा रहे एलईडी बल्ब निर्माण का अवलोकन किया। समूह की महिलाओं ने बताया कि उन्हें इस योजना के तहत उन्हें एलईडी बल्ब निर्माण का प्रशिक्षण दिया गया है और उन्हें अच्छी आय हो रही है। कलेक्टर ने अधिकारियों को यहां निर्मित एलईडी बल्ब की आश्रम-छात्रावासों में आपूर्ति करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर एसडीएम श्री अरूण वर्मा, जनपद सीईओ, नायब तहसीलदार श्री हितेश देवांगन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
