Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

नि:शुल्क ऑनलाइन जेईई-नीट कोचिंग विद्यार्थियों के भविष्य के लिए एक बेहतरीन पहल:विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह

छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव
जिले के 11 केन्द्रों में 648 विद्यार्थी होंगे लाभान्वित
प्रतिष्ठित संस्थानों के विषय विशेषज्ञ देंगे मार्गदर्शन
-विधानसभा अध्यक्ष ने 18 हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में स्मार्ट बोर्ड का किया शुभारंभ

राजनांदगांव, 04 सितम्बर 2025।
छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव के अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने ग्राम सोमनी के हायर सेकेंडरी स्कूल में नि:शुल्क ऑनलाइन जेईई-नीट कोचिंग का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने राजनांदगांव विधानसभा के 18 हाई एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में स्मार्ट बोर्ड का भी उद्घाटन किया।

डॉ. रमन सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा जिले के 11 केन्द्रों में कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के लिए यह व्यवस्था की गई है, जिससे 648 विद्यार्थी सीधे लाभान्वित होंगे। प्रतिष्ठित संस्थानों के विषय विशेषज्ञ विद्यार्थियों को मार्गदर्शन देंगे। उन्होंने इसे ग्रामीण और सामान्य परिवारों के विद्यार्थियों के लिए राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं तक पहुँच बनाने का सुनहरा अवसर बताया।

सांसद संतोष पाण्डे ने कहा कि नि:शुल्क ऑनलाइन जेईई-नीट कोचिंग शिक्षा के क्षेत्र में आमूलचूल परिवर्तन है। यह शिक्षा का लोकतंत्रीकरण है और अभिभावकों को चाहिए कि वे अपने बच्चों को इस पहल से अधिक से अधिक जोड़ें।

कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने जानकारी दी कि फिजिक्स वाला कोचिंग इंस्टिट्यूट भिलाई और भिलाई एजुकेशन चैरिटेबल ट्रस्ट के सहयोग से यह पहल शुरू की गई है। इसके अंतर्गत प्रत्येक शनिवार और रविवार को विषय विशेषज्ञों द्वारा 4 घंटे की कक्षाएं आयोजित की जाएंगी। स्थानीय शिक्षकों को भी प्रशिक्षण देकर उनकी क्षमता निर्माण में मदद की जाएगी।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती किरण वैष्णव, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती देवकुमारी साहू, कोमल सिंह राजपूत, राजा माखीजा, सुमीत उपाध्याय, भावेश बैद, मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री सुरूचि सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी प्रवास सिंह बघेल, जिला समन्वयक साक्षरता सतीश ब्यौहारे सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Exit mobile version