Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

लोन का झांसा देकर महिलाओं से 15 लाख की ठगी, महिला आरोपी सुपेला पुलिस के हत्थे चढ़ी

रिपोर्टर – शशिकांत सनसनी, दुर्ग। जरूरतमंद और कम पढ़ी-लिखी महिलाओं को लोन का लालच देकर करीब 15 लाख रुपए की ठगी करने वाली एक 55 वर्षीय महिला को सुपेला पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी नेमा गोस्वामी ने कई बैंक और फाइनेंस कंपनियों के माध्यम से धोखाधड़ी को अंजाम दिया।

सुपेला थाना प्रभारी विजय ठाकुर ने बताया कि आरोपी महिला खुद को मददगार बताकर आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं से संपर्क करती थी और बीमारी व पारिवारिक संकट का हवाला देकर उन्हें भरोसे में लेती थी। वह विभिन्न फाइनेंस बैंकों से उनके नाम पर लोन स्वीकृत करवा लेती थी और फिर पूरी रकम खुद रखकर फरार हो जाती थी।

पीड़िता पूर्णिमा चौहान की शिकायत पर यह मामला उजागर हुआ। 25 जुलाई को सुपेला थाने में दर्ज एफआईआर के अनुसार, नेमा गोस्वामी ने उज्जीवन बैंक (ग्रीन चौक दुर्ग), बंधन बैंक (नेहरू नगर), बेल स्टार बैंक (कोसा नगर), नेबफिन्स लिमिटेड, स्वस्ति बैंक, स्पंदन स्फूर्ती फायनेंशियल लिमिटेड (कैलाश नगर), एक्टिटोश बैंक, आईडीएफसी बैंक (उतई), और मुथूट फाइनेंस जैसे संस्थानों से लोन निकलवाया।
मुखबिर की सूचना पर सुपेला पुलिस ने आरोपी को रायपुर के मंगल बाजार इलाके से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने उसके खिलाफ धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच जारी रखी है।

Exit mobile version