Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

पांच दिवसीय ड्रोन टेक्नोलॉजी प्रशिक्षण का समापन

राजनांदगांव _भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के तत्वावधान में नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ़ इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इनफॉरमेशन टेक्नोलॉजी (NIELIT) द्वारा सभी पीएम श्री विद्यालयों में पाँच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसी कड़ी में पीएम श्री सर्वेश्वर दास नगर पालिक निगम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 1 से 6 सितम्बर तक ड्रोन टेक्नोलॉजी विषय पर इंटर्नशिप प्रोग्राम संपन्न हुआ।

 

समापन दिवस 6 सितम्बर को मुख्य अतिथि के रूप में एसएमडीसी के अध्यक्ष श्री कमलेश सूर्यवंशी उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए विभिन्न ड्रोन मॉडलों का अवलोकन किया व सराहना की। साथ ही उन्होंने भारत सरकार एवं छत्तीसगढ़ शासन को इस तरह के नवाचारमूलक कार्यक्रम आयोजित करने हेतु धन्यवाद ज्ञापित किया तथा भविष्य में भी विभिन्न विधाओं में ऐसे इंटर्नशिप प्रोग्राम संचालित करने की आवश्यकता पर बल दिया।

प्रशिक्षण के मास्टर ट्रेनर श्री रक्षित सर ने पाँच दिवसीय कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को ड्रोन टेक्नोलॉजी से जुड़ी बुनियादी से लेकर उन्नत जानकारियाँ प्रदान कीं। उन्होंने छात्रों को बताया कि इस तरह की तकनीक से वे न केवल अपना ज्ञान वर्धन कर सकते हैं बल्कि रोजगार और नवाचार के नए अवसर भी खोज सकते हैं।

कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन विद्यालय के प्राचार्य श्री पंकज शुक्ला ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं, बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं उनके पालकगण उपस्थित रहे।

Exit mobile version