गुरुदेव देवांगन, राजनांदगांव । शहर के बसंतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत राजीव नगर वार्ड में रविवार को एक मकान में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना लक्ष्मी टेंट हाउस के पास स्थित गली की बताई जा रही है, जहां मकान से अचानक धुआं और आग की लपटें उठने लगीं।
आग लगते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने में जुट गए। स्थानीय लोगों की सतर्कता और प्रयासों से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई। घनी आबादी वाला इलाका होने के कारण आग आसपास के मकानों तक फैल सकती थी।
हालांकि घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल दमकल विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर खड़ा हो गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद खबर लिखे जाने तक दमकल विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची। लोगों का कहना है कि यदि आग और ज्यादा बढ़ जाती तो बड़ा नुकसान हो सकता था।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन घटना ने आपातकालीन सेवाओं की तत्परता पर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं। मौके पर वार्ड नंबर 42 के पूर्व पार्षद ऋषि शास्त्री पहुंचे है।
