Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

सामुदायिक सहयोग से कुपोषण के खिलाफ जंग

सामुदायिक सहयोग से कुपोषण के खिलाफ जंग

दुर्ग, 24 अगस्त 2026 / महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा एकीकृत बाल विकास परियोजना धमधा के अंतर्गत ग्राम पंचायत करेली में रोटरी क्लब दुर्ग के सहयोग से स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य क्षेत्र के कुपोषित बच्चों एवं महिलाओं को स्वास्थ्य और पोषण संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा ग्राम को कुपोषण मुक्त बनाना रहा।

शिविर में 71 महिलाओं एवं किशोरी बालिकाओं का शुगर, बीपी एवं हीमोग्लोबिन परीक्षण किया गया। चिकित्सकों ने कुपोषित बच्चों की स्वास्थ्य जांच कर उनके पालकों की काउंसलिंग की। 9 गंभीर कुपोषित बच्चों को दवाइयां वितरित की गईं, जबकि रोटरी क्लब द्वारा 44 कुपोषित बच्चों को सुपोषण किट प्रदान की गई।

कार्यक्रम में महिलाओं एवं किशोरियों को साइबर सुरक्षा, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव, ओटीपी व व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं करने तथा सुरक्षित डिजिटल माध्यमों के उपयोग की जानकारी दी गई। साथ ही महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, एनीमिया से बचाव, मासिक धर्म स्वच्छता, बाल विवाह एवं मिशन शक्ति की योजनाओं की जानकारी दी गई तथा किशोरियों को सेनेटरी पैड वितरित किए गए।

परियोजना अधिकारी कौशलेश देवांगन एवं सुपरवाइजर रीमा शुक्ला ने कुपोषण के चक्र को तोड़ने के लिए सामुदायिक सहयोग की आवश्यकता बताई। शिविर में जनप्रतिनिधि, रोटरी क्लब की टीम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, एएनएम, महिलाएं एवं किशोरियां उपस्थित रहीं।

Exit mobile version