* बेलौदी में कृषक संगोष्ठी और कृषि सूचना केन्द्र का शुभारंभ, किसानों ने पाया नया मार्गदर्शन…
* RAWE कार्यक्रम के तहत आधुनिक खेती को बढ़ावा, किसानों को मिली वैज्ञानिक सलाह…
* स्वास्थ्य शिविर और कृषि प्रदर्शनी ने बढ़ाई जागरूकता, ग्रामीणों ने की सराहना…
आयोजन का मुख्य उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ना, उनकी समस्याओं का वैज्ञानिक समाधान उपलब्ध कराना और युवाओं को कृषि से जोड़ते हुए व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करना था।
इस दौरान छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी, वहीं संगोष्ठी में कृषि वैज्ञानिकों ने धान, दलहन, तिलहन एवं सब्जियों की उन्नत किस्मों के साथ-साथ कीट एवं रोग प्रबंधन, जल संरक्षण और प्राकृतिक खेती की तकनीकों पर विस्तृत जानकारी दी। किसानों ने स्थानीय चुनौतियों पर सवाल रखे, जिनका विशेषज्ञों ने समाधानकारी सुझावों के साथ मार्गदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान कृषि सूचना केन्द्र का शुभारंभ किया गया, जहां किसानों को मौसम पूर्वानुमान, फसल सलाह, गुणवत्तापूर्ण बीज, उर्वरक प्रबंधन और कृषि मशीनरी से संबंधित जानकारी नियमित रूप से उपलब्ध कराई जाएगी।
ग्रामीणों ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम से उन्हें खेती-किसानी के साथ स्वास्थ्य संबंधी उपयोगी जानकारी भी मिलती है, जिससे जीवनस्तर में सुधार होता है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. अजय वर्मा, विशिष्ट अतिथि ग्राम पंचायत बेलौदी के सरपंच श्री हुकुमचंद निषाद, शंकर बघेल, डॉ. ओमप्रकाश वर्मा, अनिल वर्मा, चैतु नेताम, देव कुमार निषाद, हितेश बघेल, आजाद बघेल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व किसान उपस्थित रहे।