Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

फिंगेश्वर क्षेत्र के किसानों ने की रबी फसल सिंचाई के लिये बांधो से पानी छोड़ने की मांग

किरीट ठक्कर, गरियाबंद : जिले के फिंगेश्वर ब्लॉक के ग्राम पतोरा , बेलर , गनियारी , घोघरा , पतोरी , परसदा कला के किसानों ने रबी फसल की सिंचाई के लिये जिले के सिकासेर तथा गनियारी बांध से पानी छोड़ने की मांग की है। आज इस संबंध में ग्रामीण किसानों ने मुख्य कार्यपालन अभियंता जल संसाधन गरियाबंद से मिलकर चर्चा की है साथ ही अपनी मांग के सम्बंध में उन्होंने क्षेत्रीय विधायक अमितेश शुक्ला से फोन पर चर्चा की है। ग्राम पतोरी के किसान यादराम सिन्हा नूतन साहू के अनुसार इस खरीफ वर्ष में धान की फसल में बीमारी लगने की वजह से अत्यधिक नुकसान हुआ है। यदि रबी सीजन में सिंचाई के लिये पानी मिल जाये तो उस नुकसान की भरपाई संभव हो सकती है। किंतु क्षेत्र में कही कही नहर लाइनिंग कार्य अधूरा होने की वजह से उन्हें नहरों से सिंचाई सुविधा मिलने में दिक्कत आ सकती है। किसानों ने बताया कि ग्राम बोड़की ,फुलझर , घोघरा , परसदा , चैतरा तक लाइनिंग कार्य हो चुका है , उसके बाद जोगिडीपा के पास कुछ हिस्सा बचा हुआ है। इस हिस्से के अगल बगल से अस्थाई नाली के द्वारा पानी आगे तक पहुंचाया जा सकता है।

इस संबंध में फिंगेश्वर अनुभाग के एसडीओ के जोशी ने बताया कि किसानों को गनियारी डेम से पानी दिया जाना प्रस्तावित है , अनुमति मिलते ही पानी छोड़ा जायेगा। इसी तरह सिकासेर बांध से भी पानी छोड़ा जाना प्रस्तावित है मुख्यालय से अनुमति मिलते ही सिंचाई के लिये पानी छोड़ा जायेगा।

Exit mobile version