रायपुर : आबकारी विभाग जिला रायपुर द्वारा अवैध शराब के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। यह कार्रवाई प्रभारी आबकारी आयुक्त एवं प्रबंध संचालक श्यामलाल धावड़े, कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह तथा उपायुक्त आबकारी रामकृष्ण मिश्रा के निर्देश पर की गई है। हाल ही में विभाग को विभिन्न स्थानों पर अवैध शराब के परिवहन और भंडारण की सूचना मिली, जिसके आधार पर शीघ्र कार्रवाई करते हुए विभाग ने 7 अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की।
यह भी पढ़े :- पुलिस ने पंजाब से किया चोर को गिरफ्तार, 5 लाख रुपये के जेवरात लेकर हुआ था फरार
भरेंगाभाठा में घेराबंदी कर जानकी रात्रे के पास से 30 पाव देशी मसाला शराब और एक एक्टिवा वाहन जब्त किया गया है। तिल्दा क्षेत्र में सकुन तिवारी के मकान की तलाशी में 51 पाव देशी मदिरा बरामद की गई। इसी प्रकार ग्राम खोला में जोहन धृतलहरे के निवास से 47 पाव, ग्राम पिरदा में सुरजीत टांडे के मकान से 91 पाव, राठौर चौक के पास मोहित बघेल से 40 पाव देशी शराब व एक्टिवा, ग्राम तुलसी-2 में रंजन जांगड़े के घर से 52 पाव और वार्ड क्रमांक 59 संतोषीनगर में उमेश जोशी के मकान से कुल 140 पाव देशी मसाला शराब जब्त किया गया ।
यह भी पढ़े :- मादा भालू ने किया हमला, युवक गंभीर रूप से घायल
इन सभी मामलों में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के अंतर्गत कुल 7 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इस कार्रवाई के दौरान कुल 81.19 बल्क लीटर अवैध शराब और 2 दोपहिया वाहन भी जब्त किए गए हैं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। जिला रायपुर में अवैध शराब की तस्करी और अन्य आबकारी अपराधों पर रोकने के लिए आबकारी विभाग द्वारा लगातार सतत निगरानी और सघन कार्रवाई जारी है। विभाग ने आम जनता से भी यह अपील की है कि अवैध शराब संबंधी किसी भी गतिविधि की जानकारी शीघ्र विभाग को दें, ताकि समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
यह भी पढ़े :- तेलीबांधा में ट्रक के रौंदने से हुई युवती की दर्दनाक मौत
