रिपोर्ट – अनमोल कुमार
बिहार (पटना)। मेरा युवा भारत, पटना (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) के तत्वावधान में अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस (IYD) के अवसर पर सेंट टेरेसा इंटरनेशनल स्कूल, बिहटा द्वारा नगर परिषद बिहटा में “हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता” जनजागरूकता रैली सह संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रियंका कुमारी (सभापति, नगर परिषद बिहटा), वार्ड पार्षद अमित कुमार सिंह, कोऑर्डिनेटर बबलु कुमार सहित कई समाजसेवी उपस्थित रहे। अतिथियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
सभापति ने किया जागरूकता का आह्वान
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रियंका कुमारी ने अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस की शुभकामनाएं दीं और सेंट टेरेसा इंटरनेशनल स्कूल द्वारा सरकारी कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी की सराहना की। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस 2025 के उपलक्ष्य में “हर घर तिरंगा” अभियान में सक्रिय रूप से शामिल होने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ स्वच्छता को राष्ट्रीय गौरव से जोड़ना आवश्यक है, और लोगों से अपील की कि इस अभियान में दोनों पहलुओं को अपनाकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाएं।
बच्चों का सम्मान
इस अवसर पर एसओएफ ओलंपियाड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका रानी शर्मा और निदेशक गौरव शर्मा ने संयुक्त रूप से अतिथियों का आभार व्यक्त किया और धन्यवाद ज्ञापन दिया।