राजनांदगांव । युवा कांग्रेस शहर उत्तर ब्लॉक के अध्यक्ष संदीप सोनी ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि पिछले ढाई वर्षों में बिजली, रसोई गैस, पेट्रोल और शराब के माध्यम से आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ाया गया है। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम लोगों का जीवन कठिन बना दिया है और सरकार जनता की समस्याओं के समाधान के बजाय राजस्व बढ़ाने में लगी हुई है।
श्री सोनी ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में बिजली बिल, गैस सिलेंडर और पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार वृद्धि हुई है, जिससे मध्यम वर्ग और गरीब परिवारों का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम नागरिक आज अपनी रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने के लिए संघर्ष कर रहा है और उसे बिजली कार्यालय, गैस एजेंसी तथा पेट्रोल पंपों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हर वर्ष दो करोड़ रोजगार देने के वादे का उल्लेख करते हुए कहा कि देश में बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है। युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिल रहे हैं, जिससे उनके भविष्य पर संकट गहराता जा रहा है। सोनी ने कहा कि सरकार रोजगार सृजन में विफल रही है और युवाओं की अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर सकी है।
श्री सोनी ने स्मार्ट मीटर योजना को लेकर भी भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि बड़े उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से स्मार्ट मीटर व्यवस्था लागू की जा रही है जिसका अतिरिक्त आर्थिक बोझ आम जनता पर पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि पहले से महंगाई से जूझ रहे लोगों के लिए यह नई व्यवस्था और अधिक परेशानी पैदा कर रही है। उन्होंने ने कहा कि देश में महंगाई, बेरोजगारी और गरीबी लगातार बढ़ रही है, जबकि सरकार इन मूलभूत मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने सरकारी स्कूलों के बंद होने और शराब दुकानों की संख्या बढ़ने पर भी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यह देश के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। शिक्षा के अवसर सीमित हो रहे हैं और युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के बजाय गलत प्राथमिकताओं को बढ़ावा दिया जा रहा है।
संदीप सोनी ने कहा कि जनता अब बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक दबाव से त्रस्त हो चुकी है तथा आने वाले समय में इसका जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी। उन्होंने सरकार से जनहित को प्राथमिकता देते हुए महंगाई पर नियंत्रण और रोजगार सृजन के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
