* चार जिलों में विद्युत विकास को मिलेगी नई रफ्तार, सांसद संतोष पाण्डे ने ली मैदानी अधिकारियों की समीक्षा बैठक
* निर्बाध विद्युत आपूर्ति, नए उपकेन्द्रों के निर्माण और अधोसंरचना विस्तार कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के दिए निर्देश
बैठक के प्रारंभ में विद्युत कंपनी के अधिकारियों ने सांसद श्री संतोष पाण्डे का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया। इस अवसर पर सांसद एवं विधायक प्रतिनिधि श्री रूपचंद भीमनानी, राजनांदगांव क्षेत्र के मुख्य अभियंता श्री हर्ष कुमार मेश्राम, कवर्धा वृत्त के अतिरिक्त मुख्य अभियंता श्री रंजीत घोष तथा राजनांदगांव वृत्त के अधीक्षण अभियंता श्री शंकेश्वर कंवर एवं क्षेत्र के कार्यपालन अभियंता उपस्थित रहे।
सांसद श्री पाण्डे ने लोकसभा क्षेत्र में सतत एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने के साथ विद्युत विकास एवं अधोसंरचना संबंधी कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने नवीन 33/11 के.व्ही. उपकेन्द्रों के निर्माण की प्रगति की जानकारी ली तथा स्वीकृत नए उपकेन्द्रों के लिए भूमि आवंटन की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने प्रस्तावित 220/132/33 के.व्ही. उपकेन्द्र सेकी ढाबा, 132/33 के.व्ही. उपकेन्द्र मोहारा राजनांदगांव तथा 132/33 के.व्ही. उपकेन्द्र भनसुला (गर्राटोला) के निर्माण के लिए जिला प्रशासन से समन्वय स्थापित कर भूमि आवंटन की कार्यवाही शीघ्र पूर्ण कराने तथा निर्माण कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान सांसद श्री पाण्डे ने लोकसभा क्षेत्र के चारों जिलों में कृषि सिंचाई पंपों की अद्यतन स्थिति, पुराने डिस्ट्रीब्यूशन बॉक्स को नए एम.एस. बॉक्स में बदलने, अयोग्य एवं खराब वितरण ट्रांसफार्मरों को बदलने सहित विभिन्न कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा करते हुए सांसद श्री पाण्डे ने योजना से लाभान्वित हितग्राहियों की जानकारी ली तथा अधिकाधिक उपभोक्ताओं को योजना का लाभ दिलाने के लिए प्रभावी क्रियान्वयन एवं व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत चारों जिलों में अब तक लगभग 7,500 उपभोक्ताओं के घरों में सौर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं।
सांसद श्री पाण्डे ने राजनांदगांव शहर सहित लोकसभा क्षेत्र के प्रत्येक अंचल में विद्युत अधोसंरचना के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण के लिए निरंतर प्रयास जारी रखने तथा उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
विद्युत कंपनी के अधिकारियों ने बैठक में जानकारी दी कि 33/11 के.व्ही. उपकेन्द्र विचारपुर-नवागांव एवं रामाटोला का निर्माण कार्य पूर्णता की ओर है। इन उपकेन्द्रों को शीघ्र ही ऊर्जीकृत किया जाएगा, जिससे संबंधित क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी।
विद्युत कंपनी के अधिकारियों ने चारों जिलों में विद्यमान उपकेन्द्रों में विद्युत मांग एवं वोल्टेज की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त पॉवर ट्रांसफार्मरों की स्थापना एवं क्षमता वृद्धि, 33/11 के.व्ही. लाइनों के विस्तार, कंडक्टर क्षमता वृद्धि, एलटी लाइनों को 11 के.व्ही. लाइनों में बदलने, लेयर कंडक्टर को एबी केबल में परिवर्तित करने, 11 के.व्ही. फीडर पृथक्करण एवं फीडर विभाजन सहित विभिन्न कार्यों की अद्यतन प्रगति से सांसद श्री पाण्डे को अवगत कराया।
विद्युत कंपनी के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री मजराटोला योजना, ग्राम पंचायत एवं ग्रामीण विद्युतीकरण योजना के अंतर्गत चल रहे कार्यों की भी विस्तारपूर्वक जानकारी दी। इस बैठक में सांसद एवं विधायक प्रतिनिधि श्री रूपचंद भिमनानी ने सांसद श्री पाण्डे एवं विद्युत कंपनी के तमाम उपस्थित अधिकारियों का इस सार्थक समीक्षा में उपस्थित होने के लिए आभार व्यक्त किया साथ ही आम जनता की भलाई के लिए समन्वय से कार्य करने के लिए अनुरोध किया।
इस समीक्षा बैठक में ईई प्रोजेक्ट राजनांदगांव श्री एम.के. साहू, ईई प्रोजेक्ट कवर्धा श्री आर.के. गोस्वामी, ईई राजनांदगांव श्री जी.एस. फ्लोरा, ईई खैरागढ़ श्री आलोक दुबे, ईई डोंगरगांव श्री बीरबल उइके, ईई डोंगरगढ़ श्री एस.पी. जैकब, ईई मोहला श्री ए.के. रामटेके, ईई कवर्धा श्री मनीष साहू, ईई पंडरिया श्री के.के. झा, ईई एसटीएम श्री एन.के. साहू सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
