Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

डोंगरगढ़: विधायक हर्षिता बघेल ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए समाधान के निर्देश

गुरुदेव, डोंगरगढ़ : डोंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र की विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने क्षेत्र के ईराईकला, पटेवा और बघेरा गांवों का दौरा कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने गांवों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर उनका निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

किसानों के बीच पहुंचीं विधायक, खेत में की धान की रोपाई

दौरे के दौरान विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ईराईकला गांव में किसान तुलसी साहू के खेत पहुंचीं। यहां उन्होंने किसानों से खेती-किसानी की स्थिति, मानसून और फसल की तैयारियों को लेकर चर्चा की। ग्रामीणों के आग्रह पर विधायक स्वयं खेत में उतरीं और किसानों के साथ धान की रोपाई कर श्रम का सम्मान करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

खेत में ग्रामीणों के साथ लिया स्थानीय व्यंजनों का स्वाद

धान की रोपाई के दौरान विधायक ने खेत में काम कर रहे ग्रामीणों के साथ समय बिताया और पारंपरिक व्यंजन गुलगुला भजिया का स्वाद भी लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि किसानों की मेहनत ही प्रदेश की समृद्धि का आधार है और उनकी समस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता है।

समस्याओं के त्वरित समाधान के दिए निर्देश

विधायक ने ग्रामीणों से विभिन्न स्थानीय समस्याओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए जल्द समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और ग्रामीणों की सुविधाओं के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।

 

 

Exit mobile version