Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

कोरिया में जिला स्तरीय ‘शाला प्रवेश उत्सव’ का भव्य आयोजन, मेधावी छात्र और नव-प्रवेशी बच्चे हुए सम्मानित मुख्य अतिथि विधायक भैयालाल राजवाड़े बोले- “शिक्षा ही समाज और राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति, कोई भी बच्चा स्कूल से बाहर न रहे”

कोरिया में जिला स्तरीय ‘शाला प्रवेश उत्सव’ का भव्य आयोजन, मेधावी छात्र और नव-प्रवेशी बच्चे हुए सम्मानित

​मुख्य अतिथि विधायक भैयालाल राजवाड़े बोले- “शिक्षा ही समाज और राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति, कोई भी बच्चा स्कूल से बाहर न रहे”

​पहली बार कोरिया जिले के तीन होनहारों ने छत्तीसगढ़ की टॉप-10 प्राविण्य सूची में बनाई जगह, मंच पर मिला सम्मान

बैकुंठपुर (कोरिया)। छत्तीसगढ़ शासन एवं स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार तथा कलेक्टर कोरिया रोकतिमा यादव के मार्गदर्शन में आज जिला स्तरीय ‘शाला प्रवेश उत्सव 2026’ का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। बैकुंठपुर स्थित कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के ऑडिटोरियम हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नवीन शैक्षणिक सत्र में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना, ड्रॉपआउट बच्चों को पुनः शिक्षा से जोड़ना और शिक्षा के प्रति सामाजिक जागरूकता बढ़ाना रहा।

​कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बैकुंठपुर विधायक भैयालाल राजवाड़े थे। विशिष्ट अतिथियों में जिला पंचायत उपाध्यक्ष वंदना रजवाड़े, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती गीता रजवाड़े, भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र तिवारी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य कृष्ण बिहारी जायसवाल, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष शैलेश शिवहरे, योग प्रशिक्षक अनिल शर्मा एवं पूर्व नगर पालिका उपाध्यक्ष सुभाष साहू उपस्थित रहे।

माँ सरस्वती के पूजन से हुआ शुभारंभ

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि विधायक भैयालाल रजवाड़े, जिला पंचायत सीईओ आशुतोष चतुर्वेदी एवं अन्य अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन और छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सुमधुर सरस्वती वंदना के साथ हुई। विद्यालय परिवार द्वारा सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंटकर आत्मीय स्वागत किया गया।

तिलक लगाकर और पुस्तकें भेंट कर हुआ नव-प्रवेशियों का स्वागत

शाला प्रवेश उत्सव के दौरान कक्षा पहली और छठवीं में पहली बार कदम रखने वाले नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों का स्वागत अनूठे अंदाज में किया गया। अतिथियों ने बच्चों को तिलक-चंदन लगाया, उन पर पुष्पवर्षा की और शासन की योजना के तहत निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें एवं गणवेश (यूनिफॉर्म) प्रदान किए। नया काप-किताब पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे।

ऐतिहासिक सफलता: टॉप-10 में आने वाले जिले के गौरव सम्मानित

इस वर्ष का शाला प्रवेश उत्सव कोरिया जिले के लिए ऐतिहासिक रहा, क्योंकि पहली बार जिले के तीन विद्यार्थियों ने प्रदेश की टॉप-टेन सूची में स्थान हासिल किया है। कार्यक्रम में इन मेधावी छात्र-छात्राओं को मंच पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया:

  1. अंशिका कश्यप (सेजेस महलपारा, बैकुंठपुर): कक्षा 10वीं में 98.17% अंकों के साथ प्रदेश में छठा (6ठा) स्थान।
  2. आलिया परवीन (कन्या उमावि, बैकुंठपुर): कक्षा 10वीं में 98% अंकों के साथ प्रदेश में सातवां (7वां) स्थान।
  3. उन्नति जायसवाल (सेजेस महलपारा, बैकुंठपुर): कक्षा 12वीं में 97% अंकों के साथ प्रदेश में आठवां (8वां) स्थान। अतिथियों ने इन प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन: “जनआंदोलन बने शाला प्रवेश उत्सव”

कार्यक्रम में माननीय मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रदेशव्यापी संदेश का वाचन किया गया। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा है कि प्रदेश में 16 जून से शुरू हुए इस अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से इस अभियान को एक ‘जनआंदोलन’ का रूप देने का आह्वान किया है। इस दौरान विभाग द्वारा मध्याह्न भोजन, निःशुल्क साइकिल वितरण (बालिकाओं के लिए) जैसी छात्र-हितैषी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।

अधिकारियों ने दी विभागीय प्रगति की रिपोर्ट

जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) जितेंद्र गुप्ता ने जिले में संचालित शाला प्रवेश अभियान, नई शिक्षा नीति 2020 के क्रियान्वयन और ड्रॉपआउट बच्चों की पहचान कर उन्हें दोबारा मुख्यधारा में लाने के प्रयासों की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। वहीं, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) आशुतोष चतुर्वेदी ने कहा कि प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और शासकीय योजनाओं का लाभ अंतिम छोर के छात्र तक पहुंचाने के लिए कार्यरत है।

​मुख्य अतिथियों व प्रबुद्ध जनों के प्रमुख वक्तव्य:

कृतज्ञता ज्ञापन के साथ समापन

कार्यक्रम के अंत में कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य ए.एल. गुप्ता ने सभी अतिथियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं, अभिभावकों और मीडिया प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के साझा सहयोग से ही यह आयोजन सफल हो सका है और बच्चों के सुनहरे भविष्य के लिए स्कूल परिवार हमेशा तत्पर रहेगा। इस भव्य आयोजन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।

Exit mobile version