Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

जिला कलेक्टर ने लिया सड़क सुरक्षा समिति की बैठक, दिए आवश्यक निर्देश

जिला कलेक्टर ने लिया सड़क सुरक्षा समिति की बैठक, दिए आवश्यक निर्देश। 
* यातायात नियमों के उल्लंघन पर चालानी कार्रवाई करने कहा…
* राष्ट्रीय राजमार्ग सहित अन्य मार्गों के नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों पर नियमित जांच कर कड़ी कार्रवाई के दिए निर्देश…
राजनांदगांव : कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक लेकर जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं सड़क सुरक्षा उपायों की समीक्षा की। कलेक्टर ने कहा कि सड़क दुर्घटना से मृत्यु दर में कमी लाने के लिए विशेष तौर पर कार्य करने की आवश्यकता है।

उन्होंने दुर्घटना संभावित स्थलों में आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने राष्ट्रीय राजमार्ग, राज्य मार्ग एवं अन्य प्रमुख सड़कों पर दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में स्पीड ब्रेकर, साईन बोर्ड, रिफ्लेक्टर तथा हाईमास्ट लाईट लगाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आम नागरिकों की सहभागिता भी आवश्यक है। इसके लिए व्यापक स्तर पर जनजागरूकता अभियान चलाते हुए लोगों को यातायात नियमों के पालन के प्रति प्रेरित किया जाए। कलेक्टर ने राष्ट्रीय राजमार्ग सहित जिले के अन्य प्रमुख मार्गों के सड़क किनारे नो-पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों की नियमित जांच कर उनके विरूद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सड़क किनारे अव्यवस्थित पार्किंग से यातायात बाधित होता है और दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ती है।
कलेक्टर ने विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के लिए जागरूक करने तथा हेलमेट नहीं पहनने वालों पर सख्ती से कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में गंभीर चोटों और मृत्यु की संभावना को कम करने में हेलमेट महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसके साथ ही सीट बेल्ट का उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, शराब पीकर वाहन चलाने से बचने और मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने के संबंध में भी आमजनों को जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर नियमित चालानी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बैठक में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ने जिले में सड़क सुरक्षा के लिए किए जा रहे कार्यों, सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति, ब्लैक स्पॉट चिन्हांकन, जागरूकता कार्यक्रमों तथा प्रवर्तन कार्रवाई की जानकारी दी। बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री सुरूचि सिंह, अपर कलेक्टर श्री सीएल मारकण्डेय, अपर कलेक्टर श्री प्रेम प्रकाश शर्मा, नगर निगम आयुक्त श्री अतुल विश्वकर्मा, लोक निर्माण विभाग, पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Exit mobile version