Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

इंद्रावती भवन में गरिमामय विदाई समारोह, अधिकारियों-कर्मचारियों ने सराहा विजय दयाराम के. का नेतृत्व

* संचालक विजय दयाराम के. को भावभीनी विदाई, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही कलेक्टर बनने पर दी शुभकामनाएं…
* उत्कृष्ट प्रशासनिक कार्यों के लिए याद किए जाएंगे विजय दयाराम के., विभाग ने किया सम्मानित…

नवा रायपुर। कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग के संचालक श्री विजय दयाराम के. (आईएएस) के सम्मान में इंद्रावती भवन, अटल नगर नवा रायपुर में गरिमामय एवं भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया।

संचालनालय रोजगार एवं प्रशिक्षण तथा संचालनालय तकनीकी शिक्षा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारियों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।

समारोह में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्री विजय दयाराम के. के प्रशासनिक कौशल, दूरदर्शी नेतृत्व और विभागीय विकास में उनके उल्लेखनीय योगदान की सराहना करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी। वक्ताओं ने कहा कि उनके कार्यकाल में विभाग ने कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल कीं और उनकी कार्यशैली हमेशा कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत रही।

इस अवसर पर श्री विजय दयाराम के. को गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के कलेक्टर के रूप में नई जिम्मेदारी मिलने पर सभी ने हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। वक्ताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि उनकी प्रशासनिक दक्षता, अनुभव और सकारात्मक दृष्टिकोण से वे नए दायित्व में भी उत्कृष्ट कार्य करेंगे।

अपने संबोधन में श्री विजय दयाराम के. ने विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विभाग में कार्यकाल के दौरान मिला सहयोग, आत्मीयता और सौहार्दपूर्ण वातावरण उनके लिए सदैव स्मरणीय रहेगा। साथ ही उन्होंने सभी कर्मचारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक श्री कमल वर्मा, नेशनल फेडरेशन के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट एवं नवा रायपुर संयोजक श्री संतोष कुमार वर्मा, छत्तीसगढ़ आईटीआई कर्मचारी अधिकारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष श्री गजेंद्र साहू, संयुक्त संचालक (प्रशिक्षण) श्रीमती मीना गणवीर, उपसंचालक (वित्त) रामगोपाल जायसवाल, उपसंचालक (प्रशिक्षण) आई.पी. साहू, अतिरिक्त संचालक डॉ. एम.एल. अग्रवाल, अतिरिक्त संचालक डॉ. अमिताभ दुबे, सहायक संचालक प्रमोद कुमार जैन सहित विभाग के अनेक अधिकारी, कर्मचारी एवं कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने श्री विजय दयाराम के. को उनके नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं प्रदान कीं।

Exit mobile version