* बेटियों ने निभाया बेटे का फर्ज, मां की अर्थी को दिया कंधा; सातों बहनों ने मिलकर दी मुखाग्नि
* भखारा में बेटियों ने मां को दी अंतिम विदाई, भावुक कर गया यह दृश्य; समाज ने भी दिया समान अधिकार और परंपरा का संदेश
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत भखारा के वार्ड क्रमांक-4 स्थित मरारपारा निवासी श्री गोवर्धन पटेल की पत्नी श्रीमती धनेश्वरी पटेल का 10 अक्टूबर 2026 को स्वास्थ्य खराब होने के कारण आकस्मिक निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार नगर पंचायत भखारा के मुक्तिधाम में संपन्न हुआ।
मृतका के कोई पुत्र नहीं था, उनकी सात पुत्रियां हैं। मां के निधन के बाद सातों बहनों ने मिलकर उनकी अर्थी को कंधा दिया और अंतिम संस्कार की रस्में निभाते हुए मुखाग्नि दी। मां के प्रति बेटियों के इस प्रेम, समर्पण और भावनात्मक जुड़ाव ने वहां मौजूद लोगों को भावुक कर दिया।
समाज प्रमुखों ने दिया बेटियों का साथ
इस अवसर पर समाज प्रमुखों ने बेटियों की भावनाओं का सम्मान करते हुए उनका सहयोग किया। समाज प्रमुख श्री सियाराम पटेल, भखारा ने कहा कि समाज बेटा और बेटी के बीच भेदभाव नहीं करता। माता-पिता के लिए बेटा और बेटी दोनों समान हैं और दोनों को समान अधिकार प्राप्त हैं।
उन्होंने बताया कि दुख की इस घड़ी में बेटियों की भावनाओं का सम्मान करना और उन्हें अपनी मां के प्रति प्रेम व्यक्त करने का अवसर देना जरूरी था। इसी भावना के साथ समाज ने सहर्ष सहयोग प्रदान किया।
भखारा की यह घटना केवल एक परिवार की अंतिम विदाई का प्रसंग नहीं, बल्कि बेटियों के सम्मान, समानता और पारिवारिक रिश्तों की गहराई का संदेश भी देती है। सातों बहनों ने अपनी मां को अंतिम विदाई देकर यह भाव व्यक्त किया कि माता-पिता के प्रति प्रेम, जिम्मेदारी और समर्पण किसी एक संतान तक सीमित नहीं होते।