शशिकांत सनसनी छत्तीसगढ़
गांव के दबंगों ने हुक्का-पानी बंद कर छीनी रोज़ी-रोटी
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी।
ग्राम पांगरी में लगातार हो रही प्रताड़ना और पुलिस-प्रशासन की अनदेखी से परेशान एक पीड़ित परिवार की तीन महिलाएं और दो नाबालिग बच्चियों ने शनिवार शाम करीब 5 बजे अंबागढ़ चौकी थाना परिसर में पेट्रोल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया।
पीड़ित परिवार की महिलाओं – निर्मला बाई साहू (52 वर्ष), कुमारी केसरिया साहू (21 वर्ष), तानेश्वरी साहू (29 वर्ष) और दो मासूम बच्चियों – प्राची साहू (8 वर्ष) व हुमांशी साहू (7 वर्ष) ने थाने के सामने यह कदम उठाया। हालांकि, मौके पर मौजूद अंबागढ़ चौकी पुलिस व स्थानीय पत्रकारों की तत्परता से उनकी जान बचा ली गई।
परिवार का आरोप है कि गांव के दबंगों ने उनकी निजी जमीन पर बनी दुकान जबरन बंद करवा दी और पूरे परिवार का सामाजिक बहिष्कार कर “हुक्का-पानी” तक बंद कर दिया। इस कारण उनकी रोज़ी-रोटी तक छिन गई है।
परिवार का कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बाद भी न तो पुलिस ने कोई कार्रवाई की और न ही महिला आयोग से कोई मदद मिली। आखिरकार न्याय की आस टूटने पर उन्होंने थाने में आत्मदाह का प्रयास किया।
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी वाईपी सिंह ने तत्काल संज्ञान लेते हुए एसडीओपी दीवान को अंबागढ़ चौकी थाना भेजा और पूरे मामले में निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।