किरीट भाई ठक्कर , गरियाबंद। जिला मुख्यालय की प्रभारी जनपद सीईओ द्वारा पिछले चार महीनों के दौरान एक भी बैठक आहूत नही की गई , लिहाजा अब जनपद अध्यक्ष उपाध्यक्ष सभापति सहित जनपद सदस्यों ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन के नाम कलेक्टर गरियाबंद के समक्ष ज्ञापन प्रस्तुत करते हुये जनप्रतिनिधियों ने प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी पद्मिनी हरदेल के विरुद्ध जनप्रतिनिधियों पर रौब गांठने , उपेक्षित व्यवहार करने , कार्यालय से लगातार गायब रहने साथ ही प्रशासनिक कार्यों में रुचि नहीं लेने जैसे कई गंभीर आरोप लगायें है।
जनप्रतिनिधियों के अनुसार महिला सीईओ पद्मिनी हरदेल जिला पंचायत में बतौर उप संचालक पदस्थ है, जिन्हें चार माह पूर्व जनपद पंचायत गरियाबंद का भी प्रभार दिया गया है, इन चार महीनों में केवल एक बार सामान्य सभा की बैठक हो सकी है , इसमें भी किसी बिंदु पर अब तक कोई अमल नही हुआ है। इसके बाद ना तो सामान्य प्रशासन की बैठक हुई और ना ही सामान्य सभा की बैठक आहूत की गई।
प्रभार लेने के बाद से मैडम का गायब रहने का सिलसिला चल पड़ा है, जनप्रतिनिधियों के फोन रिसिव नही किये जाते, चेम्बर में यदि कभी मुलाकत हुई भी, तब ना जनप्रतिनिधियों को पहचाना जाता है, ना उनकी बात सुनी जाती है। जनप्रतिनिधि दुर्व्यवहार से आहत हैं। जनपद के कार्य पेंडिंग है। गांवो की जनता जनपद के सामने धरने पर बैठ रही है। बहुत सी ग्राम पंचायतों के ग्रामीण अपनी अपनी समस्याओं ,रुके हुये कार्यों की वजह से पीड़ित हैं। अब नाराज जनप्रतिनिधि इन्हें तत्काल हटाने की मांग कर रहे हैं।
विवेकानंद युवा प्रोत्साहन योजना में गड़बड़
बताया जा रहा है कि बगैर सामान्य प्रशासन की बैठक और अनुमोदन के पिछले माह विवेकानंद प्रोत्साहन की राशि एक लाख रुपये आहरित कर ली गई, इसे छत्तीसगढ़ीया खेल कूद में खर्च करना बताया गया, साथ ही जिन ग्राम पंचायतों में खेल कूद का आयोजन नही किया गया, ऐसी पंचायतों में 25 – 25 हजार रुपये की राशि जमा करने के बाद, सम्बंधित ग्राम पंचायतों से संपर्क कर उक्त राशि वापस मंगा ली गई। यहां हम फिर बताना चाहेंगे कि प्रभारी सीईओ पद्मिनी हरदेल जिला पंचायत कार्यालय में बतौर उप संचालक पदस्थ है।
ज्ञापन सौंपने वालों में जनपद अध्यक्ष लालिमा ठाकुर, उपाध्यक्ष प्रवीण यादव, सभापति शकुंतला साहू, राधा बाई, जनपद सदस्य श्यामा दीवान ,खिलेश्वरी आयाम,यमुना साहू
रमसिला चन्द्रवंशी,छबी नेताम बिरेंद्र कमलेश,गजाबाई ,कृष्णा धुव आदि सम्मिलित रहे है।
