Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

स्वास्थ्य मंत्री से भेंट में गरियाबंद जिला अस्पताल में 100 बिस्तर व आईसीयू सुविधा की मांग

भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ की जनस्वास्थ्य के लिये पहल

गरियाबंद। भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश कार्यसमिति, प्रदेश पदाधिकारी, संभाग पदाधिकारी एवं जिला संयोजकों की घोषणा के बाद संगठन ने जनस्वास्थ्य को लेकर सक्रियता दिखाते हुये प्रदेश स्तर पर सशक्त पहल की है। डॉ. देवेंद्र कश्यप, प्रदेश संयोजक चिकित्सा प्रकोष्ठ के नेतृत्व में संपूर्ण टीम ने छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल से सौजन्य भेंट कर मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त किया है।

इस अवसर पर मंत्री ने चिकित्सा प्रकोष्ठ की नवगठित टीम को नवीन दायित्व के लिये हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुये कहा कि, संगठन की यह टीम प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने में जनता और स्वास्थ्य विभाग के बीच सेतु की भूमिका निभायेगी।

उन्होंने विश्वास जताया कि चिकित्सा प्रकोष्ठ शासन की जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण योगदान देगा और समाज के कमजोर वर्गों को बेहतर चिकित्सा सुविधा दिलाने के लिये सक्रिय भूमिका निभायेगा।

स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात के दौरान गरियाबंद जिला अस्पताल के समग्र विकास का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया, प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि आदिवासी एवं वनांचल क्षेत्र होने के कारण बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं दूरस्थ अंचलों के मरीज जिला अस्पताल पर निर्भर हैं, किंतु वर्तमान 50 बिस्तरों की क्षमता क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप नहीं है।

इस पर अस्पताल की क्षमता बढ़ाकर 100 बिस्तर किये जाने की मांग रखी गई, ताकि मरीजों को समय पर भर्ती और समुचित उपचार मिल सके। साथ ही आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को सुदृढ़ करने हेतु इमरजेंसी केयर आईसीयू (Emergency Care ICU) की स्थापना का विषय भी विस्तार से रखा गया।

प्रतिनिधिमंडल ने तर्क दिया कि आईसीयू सुविधा उपलब्ध होने से गंभीर दुर्घटना, हृदय रोग, संक्रमण और अन्य जटिल मामलों में मरीजों को तत्काल उपचार मिल सकेगा और उन्हें रायपुर अथवा अन्य बड़े शहरों में रेफर करने की मजबूरी कम होगी।

मंत्री श्याम जायसवाल ने सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुये सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया। उन्होंने विशेष रूप से मरीजों के परिजनों के लिये रियायती दर पर कैंटीन सुविधा एवं सुलभ शौचालय व्यवस्था के त्वरित निराकरण की बात कही, साथ ही बिस्तर क्षमता वृद्धि और आईसीयू स्थापना के संबंध में विभागीय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।

इस महत्वपूर्ण भेंट के दौरान चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश कोषाध्यक्ष डॉ.हेमंत साहू, मीडिया प्रभारी डॉ.आशुतोष द्विवेदी, जिला मंत्री डॉ.मनीष सिन्हा सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Exit mobile version