Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

छत्तीसगढ़ सरकार में लूट, स्वास्थ्य मंत्री की झूठ का प्रमाण है सीटी स्कैन मशीन – कांग्रेस

राजनांदगांव।
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता रूपेश दुबे ने भाजपा सरकार पर गंभीर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज के लिए खरीदी गई सीटी स्कैन मशीन घोटाले का जीता-जागता उदाहरण है।

उन्होंने बताया कि चिकित्सा मंत्री ने मार्च 2025 में मेडिकल कॉलेज के वार्षिकोत्सव के मंच से तीन माह के भीतर सीटी स्कैन मशीन स्थापित करने की घोषणा की थी। इसके बाद अप्रैल में खरीद प्रक्रिया शुरू हुई और 1 जुलाई को मशीन कॉलेज पहुंच भी गई, लेकिन आज तक मशीन स्थापित नहीं हो पाई।

दुबे ने आरोप लगाया कि सीजीएमएससी के माध्यम से सिमंस कंपनी की 128 स्लाइस वाली मशीन खरीदी गई, जिसकी वास्तविक कीमत 2 से 2.75 करोड़ रुपये होती है। इसके बावजूद भाजपा सरकार ने इसे 11 करोड़ 84 हजार 505 रुपये में खरीदा। अनुबंध के मुताबिक मशीन का संचालन दो साल तक कंपनी के श्रेष्ठ तकनीशियन द्वारा किया जाना था, लेकिन वर्तमान समय में मशीन न तो स्थापित हुई है और न ही संचालित।

उन्होंने कहा कि अब तक दो किस्तों में 10.80 करोड़ रुपये का भुगतान भी कर दिया गया है, जो कि गंभीर आर्थिक अनियमितता है। कांग्रेस प्रवक्ता ने स्पष्ट कहा कि यह मशीन केवल कमीशनखोरी के लिए खरीदी गई है और इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच अनिवार्य है।

Exit mobile version