दुर्ग : छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के करीबी माने जाने वाले भिलाई के कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव को जान से मारने की साजिश रचने और 2 लाख रुपय की सुपारी दिए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आ रहा है। वहीं इस मामले में विधायक देवेंद्र यादव ने अपने सहयोगी के माध्यम से दुर्ग पुलिस अधीक्षक को एक पत्र सौंपकर संदिग्ध लोगों पर कार्रवाई करने की मांग की गई है।
भिलाई के विधायक देवेंद्र यादव अभी राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। दरअसल, भिलाई के विधायक को इंस्टाग्राम में अंकित नामक युवक ने मैसेज कर बताया कि, शुभम नामक युवक आपके नाम की हत्या की सुपारी उसे देना चाहता है। जिससे युवक काफी डर गया और इस मामले की जानकारी विधायक को इंस्टाग्राम में वॉइस मैसेज के रूप में दी।
अंकित ने इंस्टाग्राम एप में वॉइस मैसेज में विधायक को बताया कि, वह पावर हाउस स्टेशन में शुभम नामक युवक से मिला। शुभम ने उसे 500 रुपय दिया इसके साथ ही वहां के पुलिस वालों को भी दारू की बोतल दी। शुभम ने उन्हें विधायक देवेंद्र यादव की फोटो दिखाकर कहा कि, 2 लाख रुपय ले लो और विधायक देवेंद्र यादव की हत्या कर दो। वहीं इस मामले की शिकायत विधायक देवेंद्र यादव के करीबी देवेश पाणिग्रही ने दुर्ग पुलिस अधीक्षक से की और सारी बातों के दस्तावेज एवं वॉइस रिकॉर्डिंग भी दे दी है। और उन्होंने आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक से निवेदन भी किया है।
आपत्तिजनक वायरल वीडियो के मामले में FIR !
आपको बता दें कि, चुनाव के समय भिलाई नगर के विधायक देवेंद्र यादव के नाम से आपत्तिजनक वीडियो वायरल किया जा रहा था। इस मामले में पहले भी शिकायत हो गयी है। जिसकी फोरेंसिक रिपोर्ट भी आ गयी है। उक्त मामले में भी दोषियों के ऊपर FIR के लिए आवेदन दिया गया है।
