Site icon Chhattisgarh 24 News : Daily Hindi News, Chhattisgarh & India News

परवींडीह की दुर्गम पहाड़ियों में नक्सलियों की साजिश नाकाम, पुलिस–आईटीबीपी की संयुक्त कार्रवाई में 11 क्लेमोर माइन (पाइप बम) निर्माण हेतु विस्फोटक डम्प किया बरामद।

शशिकांत सनसनी ब्यूरो चीफ़ छत्तीसगढ़

नक्सलियों का विस्फोटक डम्प बरामद
जिला मोहला–मानपुर–अम्बागढ़ चौकी पुलिस को नक्सलियों के विरुद्ध बड़ी सफलता,परवींडीह की दुर्गम पहाड़ियों में नक्सलियों की साजिश नाकाम, पुलिस–आईटीबीपी की संयुक्त कार्रवाई में 11 क्लेमोर माइन (पाइप बम) निर्माण हेतु विस्फोटक डम्प किया बरामद।

जिला मोहला–मानपुर–अम्बागढ़ चौकी पुलिस द्वारा जिले को नक्सल-मुक्त करने के उद्देश्य से निरंतर, सघन एवं प्रभावी नक्सल विरोधी अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस को एक और बड़ी सफलता प्राप्त हुई है, जिसमें नक्सलियों द्वारा सुरक्षा बलों को नुकसान पहुँचाने की एक बड़ी साजिश को समय रहते विफल कर दिया गया है।यह महत्वपूर्ण सफलता राजनांदगांव रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अभिषेक शांडिल्य (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन तथा पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह (भा.पु.से.) के नेतृत्व में प्राप्त हुई है।

थाना मोहला क्षेत्रांतर्गत स्थित परवींडीह की पहाड़ी, जो घने जंगलों एवं अत्यंत दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों से युक्त है, पूर्व में नक्सलियों की गतिविधियों का प्रमुख गढ़ रही है। इसी क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा सुरक्षाबलों को नुकसान पहुँचाने की नीयत से क्लेमोर माइन (पाइप बम) निर्माण हेतु विस्फोटक सामग्री का डम्प छुपाकर रखा गया था।
दिनांक 06 जनवरी 2026 को डीआरजी टीम, जिला पुलिस मोहला–मानपुर–अम्बागढ़ चौकी एवं आईटीबीपी 40वीं वाहिनी के जवानों द्वारा परवींडीह पहाड़ी क्षेत्र में संयुक्त सर्च अभियान चलाया गया। सर्च अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने सतर्कता एवं सूझ-बूझ के साथ कार्यवाही करते हुए नक्सलियों द्वारा छुपाकर रखा गया कुल 11 नग क्लेमोर माइन (पाइप बम) निर्माण में प्रयुक्त विस्फोटक डम्प बरामद किया।समय रहते इस विस्फोटक डम्प की बरामदगी से नक्सलियों की किसी भी बड़ी वारदात की साजिश को पूर्णतः विफल कर दिया गया है।
इस प्रभावी एवं साहसिक कार्रवाई से जिले में सक्रिय नक्सली संगठनों में भय एवं भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हुई है तथा क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया गया है।
जिला मोहला–मानपुर–अम्बागढ़ चौकी पुलिस आम नागरिकों की सुरक्षा के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है। नक्सल उन्मूलन अभियान आगे भी पूरी सख्ती, सतर्कता एवं समन्वय के साथ जारी रहेगा, ताकि जिले को स्थायी रूप से नक्सल-मुक्त बनाया जा सके।

Exit mobile version